पटना. बिहार के सरकारी विद्यालयों में फर्जी दस्तावेजों और गलत तरीके से नौकरी कर रहे शिक्षकों पर अब शिक्षा विभाग ने कड़ा शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि गड़बड़ी प्रमाणित होने पर न केवल संबंधित शिक्षकों की सेवा समाप्त की जाएगी, बल्कि बिना देरी किए प्राथमिकी (FIR) भी दर्ज कराई जाएगी।
शिक्षा विभाग के निदेशक (प्रशासन) विजय कुमार पाण्डेय ने 21 नवंबर 2026 को पत्रांक 252 के माध्यम से सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को समयबद्ध जांच और कार्रवाई के सख्त निर्देश जारी किए हैं। यह कदम सर्वोच्च न्यायालय और पटना उच्च न्यायालय के आदेशों के तहत लंबित मामलों के দ্রুত निष्पादन के लिए उठाया गया है।
चार श्रेणियों में बांटे गए मामले
जांच और कार्रवाई को व्यवस्थित करने के लिए विभाग ने मामलों को चार श्रेणियों में बांटा है:
पहली श्रेणी (मिथ्या नियुक्ति): गलत तथ्यों या दस्तावेजों के आधार पर नियुक्ति पाने वाले मामले।
दूसरी श्रेणी (प्रतिरूपण): किसी अन्य व्यक्ति के स्थान पर नौकरी करने के मामले।
तीसरी श्रेणी: अमान्य संस्थान से प्राप्त या कूट रचित प्रमाण पत्रों के आधार पर बहाली।
चौथी श्रेणी: मान्य संस्थान के नाम पर फर्जी प्रमाण पत्र तैयार कर नौकरी हासिल करने के मामले।
2006–2021 की नियुक्तियों और BPSC सत्यापन पर जोर
निर्देश के अनुसार, निर्धारित शैक्षणिक या अन्य योग्यता नहीं मिलने पर सेवा समाप्ति होगी और प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। वर्ष 2006 से 2021 के बीच पंचायती राज और नगर निकायों के माध्यम से हुए नियोजन में निगरानी जांच के दौरान फर्जी पाए गए कई मामलों में सेवा समाप्ति का निर्णय अब तक लंबित है, जिन्हें शीघ्र निपटाने को कहा गया है।
साथ ही बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) से नियुक्त प्रधानाध्यापकों, प्रधान शिक्षकों और शिक्षकों के प्रमाण पत्रों के लंबित सत्यापन को भी प्राथमिकता दी गई है। आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारियों, उप विकास आयुक्तों, नगर आयुक्तों और क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशकों को भी भेजी गई है।


