नई दिल्ली. भारतीय संसदीय इतिहास में पहली बार मानसून सत्र की आखिरी बैठक के 100 दिन बाद भी सत्रावसान नहीं हुआ है। इस अभूतपूर्व ‘संसदीय सन्नाटे’ के पीछे मोदी सरकार की एक बड़ी राजनीतिक बिसात मानी जा रही है। सत्र का सत्रावसान न होने से सरकार को यह रणनीतिक फायदा है कि वह एक सप्ताह से भी कम नोटिस पर बैठक बुलाकर परिसीमन और 33% महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को पारित करा सकती है।
क्या है सरकार का ‘3-दिवसीय’ प्लान?
विशेष सत्र की अटकलों को खारिज करते हुए एनडीए सूत्रों ने साफ किया है कि मानसून सत्र का अगला चरण दिसंबर के दूसरे सप्ताह में बैठेगा। आगामी विधानसभा चुनावों के चलते सदन में संभावित हंगामे को देखते हुए सरकार की योजना सत्र के शुरुआती तीन दिनों के भीतर ही इन दोनों अहम विधेयकों को पेश कर पास कराने की है। सरकार के मसौदे के अनुसार, लोकसभा सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर 850 करने और उनमें से एक-तिहाई (करीब 283) सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने का प्रस्ताव है।
विपक्ष की 4 शर्तें और ‘जेरीमैंडरिंग’ का आरोप
दूसरी ओर, कांग्रेस, डीएमके और आम आदमी पार्टी ने सरकार पर महिला आरक्षण की आड़ में सीटों के समीकरण बदलने (जेरीमैंडरिंग) का आरोप लगाते हुए समर्थन के लिए चार प्रमुख शर्तें रखी हैं:
लोकसभा की कुल सीटें 543 ही बनी रहें।
किसी भी राज्य की मौजूदा सीटों की संख्या में कोई बदलाव न हो।
2023 के नारी शक्ति वंदन अधिनियम को तुरंत लागू कर मौजूदा 543 में से 182 सीटें महिलाओं को दी जाएं।
इस पूरी व्यवस्था को संविधान संशोधन के जरिए अगले 25 वर्षों के लिए फ्रीज किया जाए।
लोकसभा में नंबर गेम की चुनौती
संविधान संशोधन के लिए लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत (करीब 360 सांसद) अनिवार्य है। फिलहाल एनडीए के पास 319 सांसदों का पक्का समर्थन है। टीएमसी से अलग हुए गुट और एनसीपी (शरद पवार) व डीएमके जैसे दलों के रुख पर ही इस बिल का भविष्य टिका है। यदि दिसंबर में यह बिल पास नहीं हुआ, तो 2029 के आम चुनाव नई सीमाओं के तहत कराना सरकार के लिए बेहद मुश्किल हो जाएगा।


