मुंबई. सामाजिक कार्यों और परोपकार के क्षेत्र में भारतीय उद्योगपतियों की दरियादिली लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार को जारी ‘एडेलगिव हुरुन इंडिया फिलैंथ्रोपी लिस्ट 2026’ की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, एचसीएल के चेयरमैन शिव नादर और उनका परिवार वित्त वर्ष 2025-26 में एक बार फिर देश के सबसे बड़े दानवीर बनकर उभरे हैं। नादर परिवार ने विभिन्न सामाजिक कार्यों के लिए कुल 2,593 करोड़ रुपये का भारी-भरकम योगदान दिया है।
इस सूची में देश के प्रमुख उद्योगपति गौतम अदाणी और उनके परिवार ने सबसे चौंकाने वाली छलांग लगाई है। अदाणी परिवार के दान में पिछले वर्ष की तुलना में 127 प्रतिशत की जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसके साथ उनका कुल योगदान 877 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। वहीं, ‘इन्फोसिस परिवार’ (जिसमें नंदन नीलेकणि, रोहिणी नीलेकणि, एन आर नारायण मूर्ति, एस गोपालकृष्णन, के दिनेश और कुमारी शिबुलाल शामिल हैं) का कुल परोपकारी योगदान 920 करोड़ रुपये रहा।
सूची में तीसरे स्थान पर बजाज परिवार ने अपनी स्थिति मजबूती से बरकरार रखी है। बजाज परिवार का दान 42 प्रतिशत बढ़कर 632 करोड़ रुपये हो गया है। दूसरी ओर, देश के सबसे अमीर व्यक्तियों में शुमार मुकेश अंबानी के दान में एक प्रतिशत की मामूली गिरावट दर्ज की गई है और वह 620 करोड़ रुपये के योगदान के साथ दानदाताओं की सूची में चौथे स्थान पर रहे।
अन्य प्रमुख दानवीरों की बात करें तो साइरस एस पूनावाला और अदार पूनावाला का दान 94 प्रतिशत बढ़कर 336 करोड़ रुपये, जबकि सुधीर मेहता और समीर मेहता का योगदान 77 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 334 करोड़ रुपये रहा।
रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में कुल 219 दानदाताओं ने मिलकर 11,554 करोड़ रुपये दान किए, जो पिछले वित्त वर्ष के 10,380 करोड़ रुपये से 11 प्रतिशत अधिक है। इनमें 19 लोगों ने 100 करोड़ या उससे अधिक, 32 ने 50 करोड़ या उससे अधिक और 80 लोगों ने 20 करोड़ या उससे अधिक की राशि समाज सेवा के लिए समर्पित की है। हुरुन इंडिया के मुख्य शोधकर्ता अनस रहमान जुनैद के अनुसार, यह सूची देश में समृद्धि के लाभ को आम लोगों तक पहुंचाने और नए अवसर पैदा करने के प्रयासों को दर्शाती है।


