- मोर्चा व अधिवक्ता संघ का कड़ा अल्टीमेटम
आदित्यपुर. कचरे के ढेर, गहराते पेयजल संकट और बेकाबू यातायात जाम से जूझ रहे आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के लोगों के सब्र का बांध अब टूटने के कगार पर है। जनकल्याण मोर्चा और आदित्यपुर अधिवक्ता संघ की संयुक्त बैठक में प्रशासन को कड़े शब्दों में चेतावनी दी गई है कि यदि 15 दिनों के भीतर सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई, तो बड़ा जनआंदोलन छेड़ा जाएगा। रविवार को रोड नंबर-32, आदित्यपुर-2 स्थित कार्यालय में हुई बैठक की अध्यक्षता अधिवक्ता ओम प्रकाश ने की, जबकि संचालन अध्यक्ष दीपेंद्र नाथ ओझा ने किया।
बैठक में साफ चेतावनी दी गई कि चौक-चौराहों और घरों से कचरा उठाव ठप होने से मोहल्लों में गंदगी व बीमारी का खतरा बढ़ गया है। संगठनों ने 15 दिन में नियमित कचरा उठाव व निस्तारण तथा कल्पनापुरी से तत्काल कचरा हटाने की मांग की।
उल्लेखनीय है कि वर्षों से लंबित 395 करोड़ रुपये की पेयजल और 255 करोड़ रुपये की सीवेज परियोजनाओं को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में जनहित याचिका (PIL) भी चल रही है। सदस्यों ने सापड़ा स्थित 60 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के दिसंबर तक शुरू होने पर संशय जताते हुए वार्ड-17 में एक माह के भीतर सीतारामपुर से पाइपलाइन के जरिए जलापूर्ति शुरू करने पर जोर दिया।
इसके अलावा आदित्यपुर-कांड्रा मार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए फ्लाईओवर निर्माण की मांग उठी। बताया गया कि 2008 की जनहित याचिका WP(PIL) 5186/2008 के बाद बनी फोरलेन टोल रोड की 15 वर्षीय अवधि नवंबर 2027 में समाप्त हो रही है, जबकि शाम 5 से रात 8 बजे तक भारी वाहनों पर रोक के बावजूद जाम की समस्या बनी हुई है।
वहीं, स्वर्णरेखा व खरकाई नदियों में सीमित जल के मद्देनजर जल-आधारित नए उद्योगों या विस्तार पर रोक लगाने और गेल गैस कनेक्शन के नाम पर 8,000–9,000 रुपये तक की कथित वसूली का शुल्क सार्वजनिक करने की भी मांग की गई। बैठक में शारदा देवी, नीतू शर्मा, सुनील कुमार स्वाईं व रवि शंकर पासवान समेत कई गणमान्य मौजूद रहे।


