कोलकाता. प्रबोधिनी एकादशी के पावन अवसर पर ढाक और शंख की मंगलकारी ध्वनि के बीच पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता से दैनिक जागरण के 38वें संस्करण का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने समाचार पत्र की 86 वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि संस्थान ने राष्ट्रवाद और देशप्रेम की भावना को निरंतर मजबूती दी है।
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य की पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखे राजनीतिक हमले किए। उन्होंने कहा कि सत्ता परिवर्तन से पहले ऐसी सरकारें अस्तित्व में रहीं, जिन्होंने राष्ट्रवाद की परिधि से बाहर जाकर शासन किया। उनके अनुसार, एक सरकार ने 34 वर्षों तक सत्ता संभाली, लेकिन वह कथित तौर पर बीजिंग से संचालित होती रही। वहीं, दूसरी सरकार को लेकर उन्होंने टिप्पणी की कि उसके लिए उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और बिहार के लोग बाहरी थे, जबकि बांग्लादेशी घुसपैठियों के प्रति नरम रुख अपनाया गया।
सीएम शुभेंदु ने पिछली सरकारों पर भाषा के आधार पर समाज को विभाजित करने और तोड़ने के प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोगों ने “बंटेंगे तो कटेंगे” के नारे पर भरोसा जताया और लंबे अंतराल के बाद बंगाल में राष्ट्रवादी विचारधारा वाली सरकार को चुना। उन्होंने दैनिक जागरण के वृत्तचित्र में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेशों का जिक्र करते हुए कहा कि संस्थान के लिए राष्ट्र सर्वोपरि रहा है।
कार्यक्रम में दैनिक जागरण के प्रबंध संपादक तरुण गुप्ता ने कहा कि संस्थान समय के साथ आए परिवर्तनों का साक्षी रहा है और पाठकों के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करता रहा है। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां चाहे जितनी बदल जाएं, समूह के मूल आदर्श और मूल्य नहीं बदलते, तथा राष्ट्रीयता इसके केंद्र में बनी रहती है। संस्थान के निदेशक सुनील गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए इसे 38वां संस्करण बताया, जबकि स्थानीय संपादक जयकृष्ण वाजपेयी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।


