जमशेदपुर. संभावित हवाई हमले और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए जमशेदपुर में 26 नवंबर को सिविल डिफेंस एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस महत्वपूर्ण अभ्यास की रूपरेखा, तैयारियों और विभिन्न विभागों की भूमिका को लेकर उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक और आपातकालीन सेवाओं के बीच बेहतर तालमेल तथा त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि मॉक ड्रिल का मुख्य आयोजन रेड क्रॉस भवन, साकची परिसर में किया जाएगा। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार, सेंट्रल आरसीडीसी, कोलकाता से संभावित हवाई हमले की सूचना मिलने के बाद एयर रेड चेतावनी सायरन बजाया जाएगा। सायरन बजते ही संबंधित विभागों और आपातकालीन प्रतिक्रिया दलों द्वारा मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत तुरंत कार्रवाई शुरू की जाएगी। इस अभ्यास का उद्देश्य वास्तविक संकट की स्थिति में होने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखना है।
मॉक ड्रिल के दौरान रेस्क्यू टीम की गतिविधियों, आपातकालीन प्रतिक्रिया, घायलों को सुरक्षित निकालने और उन्हें चिकित्सा सहायता प्रदान करने का अभ्यास किया जाएगा। इसके साथ ही ब्लैकआउट की स्थिति में आवश्यक व्यवस्थाओं और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय का भी परीक्षण होगा। अभ्यास के तहत निर्मल भवन को शेल्टर हाउस के रूप में चिन्हित किया गया है, जहां नागरिकों और प्रभावित लोगों को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर बैठक में विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त राजीव रंजन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मॉक ड्रिल के सफल और सुचारू संचालन के लिए आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने रेस्क्यू टीम के मूवमेंट, संसाधनों की उपलब्धता, आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था तथा राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
इस अभ्यास में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, सिविल डिफेंस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आपदा प्रबंधन सहित अन्य संबंधित विभागों और स्टेकहोल्डर्स की सक्रिय भागीदारी रहेगी। इसका मुख्य उद्देश्य आपातकालीन हालातों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई, बचाव व राहत कार्यों की तत्परता और विभिन्न एजेंसियों की कार्यक्षमता का व्यावहारिक आकलन करना है। समाहरणालय सभागार में हुई इस बैठक में एसडीएम धालभूम, अपर उपायुक्त, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, एडीएम एसओआर, जिला परिवहन पदाधिकारी, डीएसपी ट्रैफिक तथा सिविल डिफेंस के पदाधिकारियों सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


