चाईबासा. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने अवैध संपत्ति अर्जित करने के एक पुराने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जलपथ प्रमंडल चक्रधरपुर (पश्चिमी सिंहभूम) के तत्कालीन कार्यपालक अभियंता शैलेन्द्र कुमार मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। 69 वर्षीय पूर्व अधिकारी की इस गिरफ्तारी से राज्य के सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है।
एसीबी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला वर्ष 2019 का है। शैलेन्द्र कुमार मंडल के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, जमशेदपुर थाना में कांड संख्या 07/2019 (दिनांक 12 जुलाई 2019) के तहत आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मुकदमा दर्ज किया गया था। जिस समय यह प्राथमिकी दर्ज हुई थी, उस दौरान मंडल चक्रधरपुर जलपथ प्रमंडल में कार्यपालक अभियंता के महत्वपूर्ण पद पर तैनात थे।
आरोपी पूर्व अभियंता के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(ई) और संशोधित अधिनियम 2018 की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू की गई थी। पिछले कई वर्षों से एसीबी की टीम इस मामले की गहनता से जांच कर रही थी।
जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर जब आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप पूरी तरह से सत्य पाए गए, तो ब्यूरो ने गिरफ्तारी का निर्णय लिया। इसी क्रम में 18 नवंबर 2026 को एसीबी की टीम ने कार्रवाई करते हुए 69 वर्षीय शैलेन्द्र कुमार मंडल को धर दबोचा।
गिरफ्तारी की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी पूर्व कार्यपालक अभियंता को आज चाईबासा स्थित न्यायालय में पेश किया गया। एसीबी की इस सख्त कार्रवाई को प्रशासनिक गलियारों में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है। अब सबकी निगाहें न्यायालय की आगे की प्रक्रिया और इस मामले में होने वाली कानूनी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।


