जम्मू. बुधवार की शाम जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों ने सीआरपीएफ के जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग की. हमले में तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। आतंकी हमले का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में ताबड़तोड़ गोलीबारी होती दिख रही है। बताया जा रहा है कि 15 सेकेंड में 30 राउंड फायरिंग हुई है। आतंकी हमले के बाद जवानों ने भी कई राउंड फायरिंग की है।
घटना तब हुई जब आखरन-नौपुरा इलाके में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की एक नाका पार्टी वाहनों और आने-जाने वाले लोगों की नियमित जांच कर रही थी। दोपहर करीब 2:15 बजे, मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। मात्र 15 सेकंड में करीब 30 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे मौके पर भारी अफरा-तफरी मच गई।
तीन जवान गंभीर रूप से घायल
इस अचानक हुए कायराना हमले में सीआरपीएफ के तीन वीर जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में सीटी/जीडी राकेश दास (असम), सीटी/जीडी संतोष चंद्रू (बंगाल) और एचसी/जीडी सोमवीर सिंह (मध्य प्रदेश) शामिल हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, एक जवान की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को फौरी तौर पर उपचार के लिए जीएमसी अनंतनाग में भर्ती कराया गया है।
सुरक्षाबलों का कड़ा एक्शन और सर्च ऑपरेशन
घटना के तुरंत बाद हमलावर आतंकी वहां से भागने में सफल रहे, लेकिन सुरक्षाबलों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। चप्पे-चप्पे पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। माना जा रहा है कि इस कायराना हरकत के पीछे लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) का हाथ हो सकता है।
असम की सुबह की दुखद रेल दुर्घटना और कुलगाम में इस आतंकी हमले ने एक बार फिर देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था और चुनौतियों को उजागर कर दिया है, जिससे देशवासियों में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है।


