जमशेदपुर. शहर के चर्चित पुलिस अधिकारी और पूर्व पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) अंजनी कुमार तिवारी का बुधवार सुबह 8:20 बजे निधन हो गया। वे लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे और पिछले कुछ हफ्तों से टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में उपचाराधीन थे, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके असामयिक निधन की खबर से पूरे शहर और पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।
31 दिसंबर 2025 को हुए थे सेवानिवृत्त
अंजनी कुमार तिवारी अपनी कर्तव्यनिष्ठा और तेजतर्रार कार्यशैली के लिए जाने जाते थे। अपने शानदार पुलिस सेवाकाल के दौरान उन्होंने जमशेदपुर के साकची सहित कई अन्य थानों में लंबे समय तक थानेदार (प्रभारी) के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं।
इसके अलावा, उन्होंने झारखंड पुलिस की महत्वपूर्ण इकाइयों जैसे सीआईडी (CID) और एसीबी (ACB) में भी अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया था। डीएसपी के पद पर रहते हुए भी उनका कार्यकाल बेहद सराहनीय रहा। वे पिछले साल 31 दिसंबर 2025 को जमशेदपुर में पीसीआर डीएसपी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।
भरा-पूरा परिवार पीछे छोड़ गये
अपने पीछे वे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं, जिसमें उनकी पत्नी रजनी पांडे और तीन पुत्रियां (श्वेता, अंकित व निधि) शामिल हैं। पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दिवंगत अधिकारी का पार्थिव शरीर 12 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक मानगो डिमना रोड स्थित संजय पथ के सुंदर गार्डन (डुप्लेक्स संख्या 1ए) आवास पर अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि के लिए रखा जाएगा। इसके पश्चात, दोपहर 1:00 बजे पार्वती घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
उनके निधन पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है और इसे पुलिस महकमे के लिए एक बड़ी क्षति बताया है।


