Saraikela. चौका थाना क्षेत्र में NH-33 पर झाबरी के पास शनिवार तड़के करीब चार बजे बड़ा सड़क हादसा हुआ। कोलकाता से रांची जा रही शिवम बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में बस में सवार 20 से अधिक यात्रियों के घायल होने की सूचना है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर चौका थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों और घायलों को बाहर निकाला गया।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे में घायल यात्रियों की स्थिति और उनकी विस्तृत संख्या के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल बस के पलटने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाने और यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई भी की गई।


