Jamshedpur. झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने गुरुवार को जमशेदपुर पहुंचकर कोल्हान प्रक्षेत्र के वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध की स्थिति और आगामी त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की. सर्किट हाउस स्थित एसएसपी आवास में करीब एक घंटे तक चली बैठक में हाल के दिनों में हुई प्रमुख आपराधिक घटनाओं और उनकी जांच की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई. बैठक में कोल्हान दिग, एसएसपी, एसपी समेत विभिन्न जिलों के पुलिस अधीक्षकों और अन्य वरीय अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में हुई प्रमुख घटनाओं की जानकारी डीजीपी के समक्ष रखी.
जांच की वर्तमान स्थिति और पुलिस की कार्रवाई की भी समीक्षा की गई. डीजीपी तदाशा मिश्रा ने अधिकारियों को आपराधिक घटनाओं में शामिल गिरोह और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ तेजी से कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने लंबित मामलों की जांच में तेजी लाने और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
आगामी त्योहारों को देखते हुए भी पुलिस की तैयारियों की समीक्षा की गई. संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और किसी भी आपराधिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. बैठक में अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जांच की गुणवत्ता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई पर भी विशेष जोर दिया गया.
…….


