Jamshedpur. गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र में कथित CGL फर्जीवाड़ा मामले को लेकर पुलिस ने फूड एंड सेफ्टी विभाग के इंस्पेक्टर संजय कुमार को हिरासत में लिया है. सीआईडी के निर्देश पर गावां थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की है. संजय कुमार को पिहरा बाजार स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया. बताया जा रहा है कि वह पिहरा निवासी मनोज साव के पुत्र हैं और वर्तमान में जमशेदपुर में फूड इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत थे. संजय कुमार को हिरासत में लेने के लिए सीआईडी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था. टीम में गावां थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार, देवरी थाना प्रभारी श्वेता कुमारी और तिसरी थाना प्रभारी शंभुनंद ईश्वर शामिल थे. टीम ने पिहरा स्थित उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें हिरासत में लिया.
पुलिस के अनुसार, कथित CGL नौकरी में गड़बड़ी और धांधली से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए संजय कुमार को हिरासत में लिया गया है. फिलहाल सीआईडी की टीम उनसे पूछताछ कर रही है. मामले को लेकर खोरिमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि सीआईडी की ओर से संजय कुमार को हिरासत में लेने का निर्देश प्राप्त हुआ था. उन्होंने कहा कि मामला CGL में धांधली से जुड़ा हुआ है और सीआईडी की टीम उनसे पूछताछ कर रही है.
एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ पूरी होने के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. फिलहाल पुलिस और सीआईडी की कार्रवाई जारी है.


