Jamshedpur. भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची में छूटे हुए अर्हताधारी भारतीय नागरिकों के नाम जोड़ने की प्रक्रिया को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ) के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक की. बैठक में प्रपत्र-6 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के निष्पादन तथा मतदाता सूची के अद्यतन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए. उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत 5 अगस्त 2026 से ऐसे पात्र भारतीय नागरिकों से आवेदन लिए जा रहे हैं, जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है.
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त प्रपत्र-6 को अगले दो दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से बीएलओ ऐप के माध्यम से दर्ज कराया जाए, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा हो सके. बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और बीएलओ सुपरवाइजर अपने-अपने मतदान केंद्र क्षेत्रों का सत्यापन कर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराएं. प्रमाण पत्र में यह उल्लेख होगा कि उनके क्षेत्र के सभी छूटे हुए पात्र मतदाताओं से आवेदन प्राप्त कर लिया गया है तथा कोई भी अर्हताधारी नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रह गया है.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर से प्रमाण पत्र प्राप्त होने के बाद संबंधित ईआरओ अपने एईआरओ से भी इसी आशय का प्रमाण पत्र प्राप्त करेंगे. इसके पश्चात सभी ईआरओ स्वयं प्रमाणित रिपोर्ट जिला निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय को 24 सितंबर तक उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे.
उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग के आदेशों के अनुपालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जाएं. बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह भी उपस्थित रहीं.


