New Delhi. ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान की बेटी जहरा पेजेश्कियान ने शनिवार को यहां प्रधानमंत्री संग्रहालय देखा और ब्रिक्स बाजार का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने भारत की लोकतांत्रिक विरासत एवं सांस्कृतिक धरोहर का करीब से देखा। जहरा का प्रधानमंत्री संग्रहालय और ब्रिक्स बाजार का यह दौरा यहां भारत मंडपम में आयोजित दो दिवसीय ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के पहले दिन के कार्यक्रमों से इतर हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस शिखर सम्मेलन को संबोधित किया, जिसमें ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियान समेत कई देशों के नेता भाग ले रहे हैं। जहरा पेजेश्कियान ने कड़ी सुरक्षा के बीच संग्रहालय का दौरा किया। उन्होंने शिखर सम्मेलन स्थल के पास स्थित राष्ट्रीय शिल्प संग्रहालय में लगे ब्रिक्स बाजार भी गयीं।
ईरानी दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इस्लामी गणराज्य ईरान के राष्ट्रपति की बेटी जहरा पेजेश्कियान ने नयी दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय का दौरा किया। उन्होंने इस संग्रहालय को देखा, जिसमें भारत के प्रधानमंत्रियों की यात्राओं, योगदान और विरासत को प्रदर्शित किया गया है।” दूतावास ने उनके दौरे का एक वीडियो भी साझा किया।
जहरा पेजेशकियान के ब्रिक्स बाजार पहुंचने के बाद केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने ‘एक्स’ पर लिखा, नयी दिल्ली स्थित राष्ट्रीय शिल्प संग्रहालय में ‘ब्रिक्स बाजार’ में ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान की बेटी सुश्री जहरा पेजेश्कियान का स्वागत करना खुशी की बात थी। मंत्री ने कहा, “मुझे उन्हें बाजार का भ्रमण कराने और ब्रिक्स के सदस्य एवं साझेदार देशों की ओर से प्रदर्शित समृद्ध परंपराओं, कला, शिल्प और सांस्कृतिक विरासत को उनके साथ साझा करने का अवसर मिला।”


