Chakardharpur. चक्रधरपुर रेल मंडल मुख्यालय स्थित रेलवे अकाउंट्स कॉलोनी में एक रेलकर्मी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. घटना के बाद रेलवे कॉलोनी में रहने वाले रेलकर्मियों और उनके परिवारों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. मारपीट की पूरी घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज में कथित रूप से दो युवक रेलकर्मी के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं. चक्रधरपुर रेल के अकाउंट्स विभाग में कार्यरत सतीश कुमार रजक कॉलोनी के क्वार्टर में रहते है. देर रात दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से उनके घर पहुंचे और उन्हें बाहर आने के लिए कहा. युवकों ने कहा कि उन्हें कार्यालय से संबंधित किसी काम के सिलसिले में सतीश कुमार से बातचीत करनी है.
सतीश कुमार के अनुसार, जब उन्होंने युवकों से पहले यह जानना चाहा कि आखिर किस काम से बात करनी है, तो वे स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहे थे. इस पर उन्हें शक हुआ और उन्होंने घर से बाहर आने से इनकार कर दिया. इसी दौरान दोनों युवक गेट के पास पहुंचे और अचानक उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि एक युवक ने सतीश कुमार के चेहरे पर मुक्का मारा, जिससे उनका चेहरा जख्मी हो गया और खून बहने लगा. वहीं दूसरे युवक ने उनके सीने पर लात मारी.
सूचना मिलने पर आरपीएफ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली. इसके बाद पीड़ित रेलकर्मी ने चक्रधरपुर थाना पहुंचकर मारपीट की घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के साथ उन्होंने सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.


