Jamshedpur. जमशेदपुर के पास एक रिसॉर्ट में अगस्त में हुई एक बिल्डर की हत्या में कथित संलिप्तता को लेकर कोलकाता पुलिस के एक यातायात सार्जेंट और एक महिला नागरिक स्वयंसेवक को गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज स्वर्गीयारी ने संवाददाताओं को बताया कि आरोपी यातायात सार्जेंट अयान गुप्ता (37) और महिला स्वयंसेवक ट्विंकल दास (30) को बृहस्पतिवार रात कोलकाता से गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने बताया कि पूछताछ के बाद शनिवार को उन्हें अदालत में पेश किया गया तथा अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
एसपी ने बताया, जांच के दौरान पता चला कि आरोपी अयान गुप्ता पीड़ित के फोन की सटीक अवस्थिति की जानकारी इस हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता अशोक सिंह उर्फ राघव को मुहैया कराता था, जबकि ट्विंकल दास आरोपी अशोक सिंह की करीबी सहयोगी थी।’’
पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से दो स्मार्टफोन भी जब्त किए हैं। चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा स्थित एक रेस्तरां में 24 अगस्त को रियल एस्टेट कारोबारी निखर सबलोक की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह जमीन के सौदे पर चर्चा करने के लिए कुछ लोगों से मिल रहे थे। इस हत्या के सिलसिले में पुलिस सात लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।


