जमशेदपुर. पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर अंतर्गत बिष्टुपुर जामा मस्जिद के पास स्थित दुकान संख्या 36 के बिजली और पानी का कनेक्शन काटे जाने तथा दुकान में तोड़फोड़ की धमकी मिलने का मामला सामने आया है. इस संबंध में पीड़ित दुकानदार शेख आलम (पिता- स्व. याकूब) ने स्थानीय थाने और प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है.
शिकायत के अनुसार, दुकान संख्या 36 (308, हयात नगर, डिमना बस्ती, मानगो, जमशेदपुर निवासी शेख आलम की) का बिजली और पानी का कनेक्शन बीते 13 अगस्त 2026 को कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर काट दिया गया था. पीड़ित का आरोप है कि इस मामले को लेकर पहले ही जमशेदपुर अनुमंडल पदाधिकारी के न्यायालय में H.R.C. Case No. 87/2026 दर्ज किया जा चुका है.
इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है और यह धमकी दी जा रही है कि यदि कोई भी दुकान पर काम कराने आया तो उसका सामान और दुकान तोड़ दिया जाएगा. इस तरह की धमकियों से पीड़ित और उसके कर्मचारी दहशत में हैं, जिससे किसी भी वक्त बड़ी अनहोनी होने की आशंका बनी हुई है.
दुकानदार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 21 अगस्त 2026 को थाने में आवेदन देकर उचित कानूनी कार्रवाई करने और दोषियों के खिलाफ कड़ा कदम उठाने की मांग की है. साथ ही, उन्होंने अपनी और अपने दुकान के कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी गुहार लगाई है ताकि बिना किसी भय के व्यवसाय का संचालन किया जा सके.
इस आवेदन की एक प्रति अनुमंडल पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर को भी सूचनार्थ प्रेषित की गई है. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है. हालांकि अब तक पुलिस की ओर से इस मामले में कोई पहल नहीं की गयी है.



