Jamshedpur. कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिस की गश्त व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जमशेदपुर पुलिस के बेड़े में 40 नए बोलेरो वाहन शामिल किए गए हैं। मंगलवार शाम पुलिस केंद्र गोलमुरी में आयोजित कार्यक्रम में एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने सभी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों का इस्तेमाल शहर के साथ आसपास के ग्रामीण और संवेदनशील इलाकों में गश्त तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए किया जाएगा।
नई गाड़ियों के मिलने से पुलिस की क्षेत्र में आवाजाही और आपात स्थिति में घटनास्थल तक पहुंचने की क्षमता बढ़ेगी। अबतक कई थाना क्षेत्रों में गश्त और अन्य पुलिस कार्यों के लिए उपलब्ध वाहनों पर अतिरिक्त दबाव रहता था। नए वाहनों के शामिल होने से इस समस्या में कमी आने की उम्मीद है।
एसएसपी ने बताया कि नए वाहनों का इस्तेमाल नियमित गश्त के अलावा हाईवे पेट्रोलिंग, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए किया जाएगा। महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में भी पुलिस की पहुंच को तेज करने में इन वाहनों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
एसएसपी ने कार्यक्रम के दौरान वाहनों का निरीक्षण किया और चालकों व पुलिसकर्मियों को उनके संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में नियमित गश्त करने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।



