गोरखपुर. जिले के पीपीगंज रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की सुबह एक अनोखी घटना ने सभी को हैरत में डाल दिया. एक्सप्रेस ट्रेन से अचानक 500-500 रुपये के नोट हवा में लहराने लगे, जिसे देख स्टेशन पर मौजूद लोगों में पैसे बटोरने की होड़ मच गई. देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई.
सुबह छह बजे का पूरा घटनाक्रम
यह वाकया गुरुवार की सुबह लगभग छह बजे का है. गोरखपुर से पनवेल (मुंबई) की ओर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन पीपीगंज रेलवे स्टेशन की लाइन नंबर दो से तेज रफ्तार में गुजर रही थी. चुंकि इस स्टेशन पर इस ट्रेन का कोई आधिकारिक ठहराव नहीं है, इसलिए ट्रेन बिना रुके सीधे निकल रही थी. इसी दौरान ट्रेन के एक कोच में सवार किसी यात्री ने 500 रुपये के नोटों से भरी एक पॉलीथीन नीचे फेंक दी.
पैकेट फटा और हवा में उड़ने लगे नोट
चलती ट्रेन से फेंकी गई पॉलीथीन जैसे ही नीचे गिरी, वह खुल गई. इसके चलते उसमें रखे 500-500 रुपये के करेंसी नोट हवा के दबाव से पूरे स्टेशन परिसर और आसपास बिखर गए. सुबह-सुबह स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने जब आसमान से नोटों की बारिश होते देखी, तो वे चौंक गए. पलक झपकते ही वहां मौजूद दर्जनों लोग नोट बटोरने के लिए दौड़ पड़े. कुछ ही मिनटों में लोगों ने ज़मीन पर बिखरे और हवा में उड़ रहे सारे नोट समेट लिए और वहां से निकल गए.
अधिकारी बेखबर, चर्चाएं तेज
घटना की खबर फैलते ही पीपीगंज नगर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में तरह-तरह की अफवाहें और चर्चाएं शुरू हो गईं. हालांकि, कुल कितनी रकम फेंकी गई थी और उसे फेंकने वाला कौन था, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है. सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस जांच के लिए मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक वहां कोई मौजूद नहीं मिला.
ट्रेन में बैठे यात्री का अनोखा तरीका?
रेलवे सूत्रों के अनुसार, ट्रेन का ठहराव न होने के कारण संभवतः किसी यात्री ने अपने किसी परिचित को पैसे सौंपने के लिए पॉलीथीन में बांधकर नीचे फेंका होगा. अनुमान लगाया जा रहा है कि फेंकते समय पैकेट सही से नहीं बंधा था, जिससे वह हवा में फट गया और नोट बिखर गए. फिलहाल इस मामले में न तो पुलिस और न ही रेलवे प्रशासन की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है.





