सीआईडी की रेड के बाद रिम्स में बड़ा धमाका: निदेशक डॉ. राजकुमार का इस्तीफा मंजूर, डॉ. दीपेंद्र सिन्हा बने नए प्रभारी
रांची: झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल, राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर आ रही है. रिम्स के निदेशक डॉ. राजकुमार ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, जिसे सरकार ने तुरंत मंजूर कर लिया. उनकी जगह डॉ. दीपेंद्र कुमार सिन्हा को रिम्स का नया प्रभारी निदेशक नियुक्त किया गया है. डॉ. राजकुमार का यह अचानक इस्तीफा बीते बुधवार को रिम्स में हुई सीआईडी (CID) की मैराथन छापेमारी के ठीक अगले दिन आया है.
सीआईडी की छापेमारी और दो बड़े घोटाले
बुधवार को सीआईडी की टीमों ने रिम्स के डेटा सेंटर, डीन कार्यालय और प्रशासनिक विभाग में एक साथ छापेमारी की थी. इस दौरान कई फाइलें और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त किए गए थे. रिम्स प्रबंधन इस समय दो बड़े मामलों को लेकर जांच एजेंसियों के रडार पर है:
मेडिकल एडमिशन घोटाला: वर्ष 2025 में फर्जी जाति और विकलांगता प्रमाण पत्र के आधार पर चार छात्रों (काजल कुमारी, आशीष कुमार, ओली विश्वकर्मा और पप्पू कुमार) ने एमबीबीएस और बीडीएस में दाखिला लिया, जिनका एक साल बाद भी भौतिक सत्यापन नहीं कराया गया था.
सफाई टेंडर विवाद: अस्पताल की सफाई व्यवस्था के करोड़ों रुपये के टेंडर में नियमों को ताक पर रखकर चुनिंदा कंपनियों को फायदा पहुंचाने का आरोप है.
सरकार से तल्खी और डॉ. राजकुमार का प्रोफाइल
पिछले कुछ महीनों से स्वास्थ्य विभाग और रिम्स प्रबंधन के बीच तल्खी बनी हुई थी. चिकित्सा जगत के प्रतिष्ठित न्यूरोसर्जन और एम्स ऋषिकेश के पूर्व निदेशक रह चुके डॉ. राजकुमार पर चौतरफा प्रशासनिक दबाव था, जिसके बाद उन्होंने पद छोड़ दिया. रिम्स में निदेशकों का विवादों से पुराना नाता रहा है; इससे पहले 2020 में तत्कालीन निदेशक डॉ. डीके सिंह को भी सरकार से टकराव के कारण हटना पड़ा था. अब देखना होगा कि नए प्रभारी डॉ. दीपेंद्र सिन्हा इन विवादों के बीच रिम्स की साख कैसे बचाते हैं.
- BREAKING : डॉ राजकुमार का इस्तीफा मंजूर, डॉ दीपेंद्र सिन्हा बने रिम्स के प्रभारी निदेशक - June 25, 2026
- टाटा स्टील ग्रेड समझौता : आरसी झा का नेतृत्व पर बड़ा हमला, कहा- ‘हित नहीं, कुर्सी बचाने में जुटे रहे पदाधिकारी’ - June 25, 2026
- टाटा स्टील वेज रिवीजन : उम्मीदें बड़ीं, फायदे कम, नए-पुराने दोनों ग्रेड के कर्मचारियों के चेहरे लटके - June 25, 2026

