रांची. झारखंड में सहायक आचार्य पद के लिए चयनित अभ्यर्थियों को इस बार राज्य स्तरीय बड़े आयोजन के बजाय सीधे जिला स्तर पर नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। झारखंड स्थापना दिवस पखवारा के समापन और राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को प्रस्तावित मुख्य समारोह के स्थान पर जिलों में ही नियुक्ति पत्र वितरण की व्यवस्था की गई है।
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निर्देशानुसार उन अभ्यर्थियों की जिला स्तर पर काउंसिलिंग प्रक्रिया जारी है, जो संशोधित मेधा सूची में पहली बार सफल घोषित हुए हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के आलोक में झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य के भाषा तथा गणित एवं विज्ञान विषयों का संशोधित परिणाम दूसरी बार जारी किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों को 28 नवंबर को संबंधित जिलों में नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
आयोग की ओर से विभाग को यह जानकारी भी दी गई है कि 25 नवंबर तक इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य और स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य के सामाजिक विज्ञान विषय का परिणाम जारी कर दिया जाएगा। रिजल्ट घोषित होने के बाद इन विषयों के लिए भी जिला स्तर पर काउंसिलिंग और नियुक्ति पत्र देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
विभाग ने पांच दिसंबर तक सभी विषयों के अनुशंसित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। आंकड़ों के मुताबिक, संशोधित परिणाम में भाषा विषय में कुल 1,265 अभ्यर्थी सफल हुए हैं, जिनमें करीब 200 अभ्यर्थी पहली बार मेधा सूची में आए हैं। वहीं गणित एवं विज्ञान विषय में 1,769 सफल अभ्यर्थियों में लगभग 250 नए नाम जुड़े हैं, जिन्हें पहले के परिणाम में स्थान नहीं मिल सका था। इन सभी पात्र अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति पत्र मिलने का रास्ता साफ हो गया है।


