पटना. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण में बिहार का विशेष रूप से उल्लेख किया. प्रधानमंत्री ने राज्य के सीतामढ़ी जिले में चलाई जा रही पर्यावरण संरक्षण और कचरा प्रबंधन की अनूठी पहल की सराहना करते हुए इसे देश के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बताया.
सीतामढ़ी का ‘वेस्ट टू वेल्थ’ मॉडल
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि सीतामढ़ी जिले में सिंगल यूज प्लास्टिक कचरे को रीसाइकिल करके मजबूत, टिकाऊ और आरामदायक सिटिंग बेंच तैयार की जा रही हैं. उन्होंने इसे ‘वेस्ट टू वेल्थ’ (कचरे से कंचन) की अवधारणा का शानदार उदाहरण करार दिया.
पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि ‘रिड्यूस, रीयूज और रीसाइकिल’ केवल एक नारा नहीं है, बल्कि इसे दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की आवश्यकता है. उन्होंने सीतामढ़ी के इस प्रयास को पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में एक बड़ा कदम बताया.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जताया आभार
पटना के जक्कनपुर स्थित भगवान उत्सव हॉल में ‘मन की बात’ का लाइव प्रसारण सुनने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश भर के नवाचारों और सकारात्मक प्रयासों को राष्ट्रीय मंच पर लाकर लोगों को प्रेरित करते हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा, “सीतामढ़ी की इस पहल की सराहना से पूरे बिहार को राष्ट्रीय पहचान मिली है, जो सभी प्रदेशवासियों के लिए गर्व और सम्मान का विषय है.”
राज्य में अभियान चलाएगी सरकार
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऐलान किया कि बिहार सरकार राज्यभर में ‘वेस्ट टू वेल्थ’ की अवधारणा को और मजबूत करेगी. इसके लिए व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन और पुनर्चक्रण से जुड़ सकें.
उन्होंने आगे कहा कि बिहार अपनी सांस्कृतिक विरासत, कृषि उत्पादों, लोक परंपराओं और नवाचारों के माध्यम से देश के विकास में निरंतर योगदान दे रहा है. प्रधानमंत्री द्वारा राज्य के प्रयासों को सराहे जाने से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में काम कर रहे लोगों का उत्साह दोगुना हुआ है.
- 5 अगस्त को NCLAT में केबुल कंपनी पर अहम फैसले की उम्मीद, RP के पत्र ने बढ़ाया संशय और तापमान, आर-पार के मूड में मजदूर - July 26, 2026
- मन की बात में बोले पीएम मोदी: बिहार के सीतामढ़ी की ‘वेस्ट टू वेल्थ’ पहल बनी देश के लिए मिसाल - July 26, 2026
- बड़ी जीत: सरकार के साथ सफल वार्ता के बाद CJP का जंतर-मंतर प्रदर्शन समाप्त, सभी प्रमुख मांगें मंजूर! - July 25, 2026





