वैशाली / पटना: बिहार की बुनियादी ढांचा और सियासी तस्वीर में शनिवार को एक बड़ा बदलाव दर्ज हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैशाली में गंगा नदी पर बने छह लेन के केबल-स्टेड पुल ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन किया और राज्य के लिए लगभग 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान में इस पुल का नामकरण किया गया है, जबकि कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री व नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को गले लगाकर आत्मीयता दिखाई। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने पुल पर पैदल चलकर निरीक्षण किया और गमछा लहराकर जुटी भीड़ का अभिवादन किया।
उत्तर-दक्षिण बिहार की दूरी होगी कम
लगभग 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह करीब 19.7 किलोमीटर लंबी परियोजना (जिसमें 9.76 किलोमीटर का मुख्य पुल और 10 किलोमीटर की एप्रोच सड़कें शामिल हैं) पटना के कच्ची दरगाह (NH-22) को वैशाली के बिदुपुर (NH-322) से जोड़ती है। इसके शुरू होने से महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम होगा। स्थानीय लोगों के लिए यह पुल रोजमर्रा की बड़ी राहत लेकर आया है—राघोपुर दियारा समेत आसपास के इलाकों के छात्रों को कॉलेज पहुंचने, बुजुर्गों को अस्पताल जाने तथा किसानों व छोटे व्यापारियों को दूध, फल, सब्जी और अनाज बड़े बाजारों तक पहुंचाने में अब काफी सहूलियत मिलेगी।
निवेश, बिजली और कल्याणकारी आंकड़ों पर फोकस
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते एक साल में बिहार में दो लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते सामने आए हैं, जिससे राज्य की आर्थिक छवि बदल रही है। उन्होंने सिंचाई के लिए 12 घंटे बिजली देने के निर्णय, एक वर्ष में 200 से अधिक नए डिग्री कॉलेज खुलने और शहरी परिवहन को मजबूती देने के लिए 100 पीएम ई-बसों को हरी झंडी दिखाने का उल्लेख किया। साथ ही उन्होंने बताया कि 12 वर्षों में 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में बिहार की अहम भूमिका रही है, जबकि राज्य में 43 लाख पक्के घर और 75 लाख किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि की राशि पहुंची है।
सुशासन की विरासत और सियासी संदेश
प्रधानमंत्री ने कहा कि करीब तीन दशक पहले बिहार ने उम्मीद और भरोसे की राह चुनी थी। नीतीश कुमार के लंबे कार्यकाल में सुशासन की जो नींव पड़ी, उसे अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनकी टीम उनके आशीर्वाद से आगे बढ़ा रही है। लोकतंत्र की धरती वैशाली को सरकार के एक वर्ष पूरे होने के आयोजन के लिए चुनने का जिक्र करते हुए उन्होंने दिवंगत नेता रामविलास पासवान को भी याद किया। मंच पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त), मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।


