दांतों से कलम थामकर रचा इतिहास, मैट्रिक में 93.8% अंक लाने वाले गोड्डा के फैजानुल्लाह की जाने कहानी

गोड्डा. हार न मानने वाले हौसले और अटूट आत्मविश्वास ने गोड्डा के दिव्यांग छात्र मोहम्मद फैजानुल्लाह को वह मुकाम दिलाया है, जो हर किसी के लिए मिसाल बन गया है। सेरेब्रल पाल्सी से ग्रसित होने के बावजूद फैजानुल्लाह ने दांतों से पेन पकड़कर लिखते हुए मैट्रिक परीक्षा 2026 में 93.8 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। उनकी इस असाधारण उपलब्धि ने न केवल समावेशी शिक्षा की ताकत को साबित किया है, बल्कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी उनका मुरीद बना दिया है।

विधानसभा में सीएम से मुलाकात और हरसंभव मदद का भरोसा

अपनी लगन और संघर्ष से नई इबारत लिखने वाले फैजानुल्लाह ने बीते गुरुवार को झारखंड विधानसभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उनकी शिक्षा के प्रति समर्पण और जीवटता की जमकर सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन भी दिया और कहा कि फैजानुल्लाह की यह सफलता झारखंड ही नहीं, पूरे देश में दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा और समावेशी शिक्षा का एक प्रेरणादायक उदाहरण है।

पढ़ाई छोड़ने से परीक्षा देने तक का चार साल का सफर

फैजानुल्लाह को मुख्यमंत्री से मिलाने के लिए समावेशी शिक्षक जितेंद्र कुमार भगत ने विशेष प्रयास किए, जिसके बाद मंत्री संजय प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री से उनकी भेंट कराई। शिक्षक भगत के अनुसार, इस कामयाबी के पीछे राज्य सरकार की समावेशी शिक्षा व्यवस्था के तहत चल रही होम बेस्ड एजुकेशन (Home Based Education) और प्रखंड संसाधन केंद्र की बड़ी भूमिका रही।

एक दौर ऐसा भी आया था जब फैजानुल्लाह पढ़ाई छोड़ चुके थे और सामान्य तरीके से लिख पाने में असमर्थ थे। ऐसे कठिन समय में रिसोर्स शिक्षक भगत ने व्यक्तिगत शिक्षण, नियमित अभ्यास और विशेष तकनीकों के सहारे उन्हें दांतों से पेन पकड़कर लिखना सिखाया। करीब चार वर्षों के निरंतर प्रयास, मार्गदर्शन और सहयोग के बाद फैजानुल्लाह मुंह से लिखकर पढ़ाई करने और परीक्षा देने में सक्षम हो सके।

शिक्षक और छात्र के बीच बने इस भरोसे और मेहनत की दास्तान अब अन्य बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों के लिए उम्मीद और प्रेरणा की नई रोशनी बनकर सामने आई है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
WhatsApp
Threads
Telegram
Picture of ओसियन पोस्ट डेस्क

ओसियन पोस्ट डेस्क

संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें.