नई दिल्ली. देश की संसदीय व्यवस्था में बड़े बदलाव की आहट के बीच केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक खास इन्फोग्राफिक साझा कर प्रस्तावित परिसीमन की संभावित तस्वीर पेश की है। केंद्र सरकार के इस प्रस्ताव के तहत लोकसभा की कुल सीटें 50 फीसदी बढ़कर मौजूदा 543 से 816 हो जाएंगी। इस बदलाव से न केवल राज्यों में सांसदों की संख्या में बड़ा इजाफा होगा, बल्कि 2029 के लोकसभा चुनावों से पहले महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने की दिशा में भी इसे अहम कदम बताया जा रहा है।
प्रमुख राज्यों में सीटों का संभावित बदलाव
साझा की गई जानकारी के मुताबिक, नए फॉर्मूले से लगभग सभी राज्यों का प्रतिनिधित्व बढ़ेगा और उत्तर प्रदेश 120 सीटों के साथ सबसे आगे रहेगा। कुछ प्रमुख राज्यों की मौजूदा और प्रस्तावित सीटें इस प्रकार हैं:
-
उत्तर प्रदेश: 80 से बढ़कर 120
-
महाराष्ट्र: 48 से बढ़कर 72
-
पश्चिम बंगाल: 42 से बढ़कर 63
-
बिहार: 40 से बढ़कर 60
-
तमिलनाडु: 39 से बढ़कर 59
-
मध्य प्रदेश: 29 से बढ़कर 43
-
कर्नाटक: 28 से बढ़कर 42
-
गुजरात: 26 से बढ़कर 39
पूर्वोत्तर, केंद्र शासित प्रदेश और परिसीमन का गणित
छोटे राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी सीटों की संख्या में बढ़ोतरी का खाका दिखाया गया है। अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा में सीटें 2 से बढ़कर 3-3, जबकि नागालैंड, मिजोरम और सिक्किम में 1 के बजाय 2-2 हो जाएंगी। चंडीगढ़ और पुडुचेरी की सीटें भी 1 से बढ़कर 2-2 हो सकती हैं, वहीं लद्दाख, लक्षद्वीप, दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव, और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में सीटों में कोई बदलाव नहीं होगा।
प्रस्तावित परिसीमन संशोधन विधेयक के तहत सदन की अधिकतम क्षमता 850 तक करने का प्रावधान है। संसदीय क्षेत्रों की सीमाएं 2011 की जनगणना के आधार पर नए सिरे से तय की जाएंगी, लेकिन 2051 तक राज्यों की सीटों का आपसी अनुपात 1971 की जनसंख्या के हिसाब से सुरक्षित रखने की बात कही गई है ताकि आबादी नियंत्रण करने वाले राज्यों को नुकसान न उठाना पड़े।
नारी शक्ति और सियासी बहस
कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी के बाद यह कदम समावेशी लोकतंत्र और राष्ट्र निर्माण में ‘नारी शक्ति’ को उसका हक दिलाने का निर्णायक संकल्प है। दूसरी ओर, इस प्रस्ताव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है और विपक्षी दलों की ओर से सीटों की संख्या व प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।



