कोलकाता: अक्सर अपराध के बड़े मामलों का खुलासा किसी तकनीकी सबूत या चश्मदीद से होता है, लेकिन दक्षिण कोलकाता में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक बैंक मैनेजर के घर से करीब 50 लाख रुपये के सोने के गहनों की चोरी का राज खुद आरोपी नौकरानी की ‘शाही जीवनशैली’ ने खोल दिया। करीब डेढ़ महीने की गहन जांच के बाद हरिदेवपुर थाने की पुलिस ने आरोपी नौकरानी रूपा सांत्रा और उसके लिव-इन पार्टनर उत्तम मंडल को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला बेहला के शाखेर बाजार इलाके का है, जहां रहने वाले एक बैंक मैनेजर के घर में दो नौकरानियां काम करती थीं। इनमें से रूपा पिछले पांच वर्षों से वहां कार्यरत थी। अक्टूबर की शुरुआत में जब परिवार ने अलमारी खोली, तो लॉकर से सोने के सभी कीमती गहने गायब थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों नौकरानियों से पूछताछ की, लेकिन शुरुआत में दोनों ने चोरी से साफ इनकार कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने दोनों की दिनचर्या पर गुप्त निगरानी शुरू की। जांच में चौंकाने वाला अंतर सामने आया—जहां दूसरी नौकरानी आम लोगों की तरह बस से सफर करती थी, वहीं रूपा रोजाना कैब से काम पर आती-जाती थी। पुलिस ने जब उसकी पृष्ठभूमि खंगाली, तो पता चला कि रूपा अपने पति और बच्चों को छोड़कर उत्तम मंडल के साथ एक किराये के फ्लैट में लिव-इन में रह रही थी।
हैरानी की बात यह थी कि उत्तम कोई नियमित काम नहीं करता था, फिर भी दोनों बेहद आलीशान जिंदगी जी रहे थे। वे पिछले कुछ महीनों में किराये की कार से कई बार मंदारमणि, तारापीठ और पुरी घूमने जा चुके थे। इतना ही नहीं, दूसरों के घर काम करने वाली रूपा ने खुद अपने घर में दो नौकरानियां रख छोड़ी थीं, जिन्हें वह मोटा वेतन देती थी।
पुलिस के अनुसार, रूपा मालिक के घर से धीरे-धीरे गहने चुराकर उत्तम को देती थी। उत्तम कुछ गहने बेच देता था, जबकि बाकी को सुनार से गलवाकर नए आभूषण बनवा लेता था। एक सुनार से मिले सुराग के बाद पुलिस ने दोनों के फ्लैट पर छापा मारा, जहां से भारी मात्रा में सोने के गहने और नकदी बरामद हुई। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।


