गुवाहाटी. असम के गुवाहाटी के पास बुधवार (11 नवंबर 2026) की सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया. पूर्वोत्तर भारत को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 13125) असम के डिगारू रेलवे स्टेशन के पास दुर्घटना का शिकार हो गई. सुबह करीब 6:54 बजे इस ट्रेन का इंजन और लगभग 5 से 6 डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए, जिससे रेलवे प्रशासन और स्थानीय महकमे में हड़कंप मच गया.
पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के CPRO का कहना है, ’11 नवंबर की सुबह लगभग 06:54 बजे, असम के दिगारू रेलवे स्टेशन पर ट्रेन नंबर 13125 कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस को एक दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए रोका जा रहा था. इस दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति को नियंत्रित नहीं कर सके, जिससे ट्रेन पटरी से उतर गई. अभी तक किसी की मौत की खबर नहीं है, लेकिन कई यात्रियों के घायल होने की आशंका है.
पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (Northeast Frontier Railway) के CPRO द्वारा दी गई शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह घटना उस वक्त घटी जब कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस को डिगारू रेलवे स्टेशन पर एक अन्य ट्रेन को पास (रास्ता देने) के लिए रोका जा रहा था. इस दौरान लोको-पायलट कथित तौर पर ट्रेन की गति को नियंत्रित नहीं कर सका, जिसके परिणामस्वरूप ट्रेन का इंजन और उसके कई डिब्बे पटरी से नीचे उतर गए.
इस बड़े हादसे की खबर मिलते ही यात्रियों और उनके परिजनों में भारी डर फैल गया था, लेकिन राहत भरी खबर यह रही कि रेलवे अधिकारियों और नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे के बयान के मुताबिक, ट्रेन में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं. इस दुर्घटना में किसी भी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने या जानमाल के नुकसान की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और स्थानीय प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया. यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेलवे प्रशासन ने प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए तुरंत वैकल्पिक और स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की.

इसके साथ ही, क्षतिग्रस्त रेल पटरियों को ठीक करने और पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने के लिए घटनास्थल पर एक विशेष राहत ट्रेन और तकनीकी टीमों को रवाना किया गया. रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और महाप्रबंधक स्वयं स्थिति का जायजा लेने के लिए मौके के लिए रवाना हो गए ताकि मार्ग पर जल्द से जल्द सुचारू रूप से रेल यातायात बहाल किया जा सके.
इस अचानक हुए हादसे के कारण इस मुख्य रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही थोड़ी देर के लिए प्रभावित हुई है. रेलवे तकनीकी दल ट्रैक की मरम्मत और मलबे को हटाने के कार्य में युद्धस्तर पर जुटा हुआ है ताकि जल्द से जल्द ट्रेनों का संचालन सामान्य किया जा सके. रेलवे बोर्ड की ओर से इस बात की विस्तृत जांच के आदेश दिए जाने की संभावना है कि आखिर डिगारू स्टेशन पर ट्रेन अनियंत्रित कैसे हुई.


