रांची. साइबर ठगों ने धोखाधड़ी का एक नया और खतरनाक दौर शुरू कर दिया है। हाल ही में राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में सामने आए साइबर ठगी के चार मामलों ने लोगों की नींद उड़ा दी है। शातिर अपराधियों ने मोबाइल हैकिंग और फर्जी लिंक के जरिए महज कुछ ही घंटों में चार अलग-अलग पीड़ितों के बैंक खातों से कुल 14,87,266 रुपये की अवैध निकासी कर ली है। पीड़ितों ने इसकी शिकायत साइबर क्राइम थाना और राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज कराई है।
सामने आए मामलों के अनुसार, ठगों ने लोगों को अपना शिकार बनाने के लिए कई आधुनिक तरीके अपनाए:
मोबाइल हैक कर निकाली रकम: अरगोड़ा थाना क्षेत्र के पंचम नगर निवासी सुबोध कुमार का मोबाइल नंबर अचानक करीब दो घंटे तक बंद रहा। जब उनका फोन दोबारा चालू हुआ, तो पता चला कि उनके बैंक खाते से चार बार में कुल 99,000 रुपये गायब हो चुके हैं। हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान उनके पास किसी भी ठग का फोन कॉल तक नहीं आया था।
बुजुर्ग के खाते से 7.45 लाख साफ: नामकुम के अमेठिया नगर निवासी 68 वर्षीय जय किशोर शर्मा के खाते को ठगों ने निशाना बनाया। एक ही रात में दो ट्रांजेक्शन के जरिए उनके खाते से 7.45 लाख रुपये निकाल लिए गए। रात को मोबाइल पर मैसेज आने के बाद उन्होंने तुरंत बैंक से संपर्क कर खाता फ्रीज कराया।
अंजान लिंक पर क्लिक करना पड़ा भारी: सिकिदिरी की 21 वर्षीय निरासो कुमारी के पास एक अनजान लिंक आया था, जिस पर उन्होंने क्लिक कर दिया था। इसके अगले दिन उनका फोन बंद हो गया और जब बाद में जांच कराई गई, तो उनके दो खातों से कुल 2.48 लाख रुपये की ठगी का खुलासा हुआ।
केनरा बैंक खाते से 4.14 लाख पार: कोकर के डेला टोली निवासी विजय तिर्की के केनरा बैंक खाते से भी नौ नवंबर को दो बार में 4,14,766 रुपये उड़ा लिए गए।
साइबर ठगी से बचाव के जरूरी उपाय:
- किसी भी अनजान या संदिग्ध लिंक पर कभी क्लिक न करें।
- मोबाइल में कोई भी अज्ञात या थर्ड-पार्टी ऐप डाउनलोड न करें तथा स्क्रीन शेयरिंग ऐप्स से पूरी तरह बचें।
- अपना बैंक ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी या यूपीआई पिन किसी के साथ भी साझा न करें।
- यदि अचानक आपका मोबाइल नेटवर्क या सिम काम करना बंद कर दे, तो तुरंत सतर्क हो जाएं और अपने टेलीकॉम ऑपरेटर तथा बैंक से संपर्क करें।


