कोलकाता. पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के गरफा थाना क्षेत्र से एक बेहद दहला देने वाली और अमानवीय घटना सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया की दीवानगी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इंटरनेट पर वायरल रील्स बनाने की सनक में कुछ युवकों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए एक नाबालिग के साथ घिनौना मजाक किया। आरोपियों ने पहले किशोर की आंखों पर पट्टी बांधी और सिर पर हेलमेट पहनाकर बेरहमी से पीटा, और फिर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। इस खौफनाक वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है।
तालाब किनारे बुलाया और शुरू की हैवानियत
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना 27 अक्टूबर की है जब पीड़ित किशोर अपना काम खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान मुख्य आरोपी अर्घ्य साहा अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और पीड़ित को हलतू स्थित लेनिननगर इलाके में एक तालाब के किनारे बुलाया। आरोपियों ने खेल-खेल के नाम पर उसके सिर पर हेलमेट पहनाकर आंखों पर पट्टी बांध दी और उसे लगातार थप्पड़ मारकर हमलावरों की पहचान करने को कहा। जब पीड़ित किसी को नहीं पहचान पाया, तो आरोपियों ने उस पर अत्याचार और तेज कर दिया।
पेट्रोल डालकर लगाई आग, वीडियो भी बनाया
हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने अपनी बाइक से पेट्रोल निकालकर उसे जबरन पिलाने की कोशिश की। विरोध करने पर उन्होंने पीड़ित के शरीर पर पेट्रोल उड़ेल दिया और पास खड़े एक अन्य नाबालिग से माचिस मंगवाकर जलती हुई तीली उसकी ओर फेंक दी। आग लगते ही पीड़ित ने अपनी जान बचाने के लिए दौड़ लगाई और जलते हुए कपड़े उतारे। हैरानी की बात यह है कि आरोपी इस पूरी घटना का मोबाइल से वीडियो बना रहे थे ताकि इसे सोशल मीडिया पर ‘रील’ के रूप में अपलोड किया जा सके।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचित किया। पीड़ित के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अर्घ्य साहा समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि क्या इस खौफनाक कृत्य के पीछे कोई पुरानी रंजिश (जैसे 500 रुपये का विवाद) थी या पूरी योजना सिर्फ रील बनाने के लिए रची गई थी।


