Ranchi. भर्ती परीक्षा सुधार यात्रा के जरिए युवाओं और रोजगार के मुद्दे को लेकर लगातार सक्रिय देवेंद्र महतो ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल से जेएलकेएम के केंद्रीय उपाध्यक्ष का पदनाम हटा दिया है. अब उनके बायो में स्टूडेंट लीडर और सोशल रिफॉर्मर जैसे शब्द नजर आ रहे हैं. हालांकि बायो में यह बदलाव बहुत छोटा है. लेकिन इसके राजनीतिक मायने बड़े निकाले जा रहे हैं.
दरअसल, देवेंद्र नाथ महतो इन दिनों झारखंड के अलग-अलग जिलों में भर्ती परीक्षा सुधार यात्रा निकाल रहे हैं. इस यात्रा के जरिए वह प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, पेपर लीक पर रोक, नियुक्ति प्रक्रिया में सुधार और युवाओं को रोजगार जैसे मुद्दे उठा रहे हैं. खास बात यह है कि इस पूरी यात्रा के दौरान उन्होंने जेएलकेएम पार्टी के झंडे व बैनर को ज्यादा प्रमुखता नहीं दी. ऐसे में सोशल मीडिया में बायो से जेएलकेएम के केंद्रीय उपाध्यक्ष का पद हटाये जाने को यूं ही नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.
सवाल उठ रहा है कि क्या देवेंद्र नाथ महतो अब खुद को जेएलकेएम की राजनीति से अलग एव व्यापक युवा आंदोलन के चेहरे के तौर पर स्थापित करना चाहते हैं? क्या वह आने वाले वक्त में अपनी स्वतंत्र राजनीतिक जमीन तैयार कर रहे हैं? या फिर यह महज सोशल मीडिया प्रोफाइल में किया गया बदलाव है और पार्टी के भीतर उनकी भूमिका पहले की तरह ही जारी रहेगी.


