जमशेदपुर. शनिवार का दिन गोविंदपुर के एक परिवार के लिए ऐसा काल बनकर आया, जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती. अन्ना चौक के पास रोज़मर्रा की तरह सामान्य चल रही ज़िंदगी पल भर में चीखों और आंसुओं में बदल गई. अनियंत्रित और तेज रफ्तार स्कूल बस की चपेट में आने से भोला बागान निवासी महज 7 साल की नन्हीं रूही कुमारी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
कार धुलवाने निकली थी नन्हीं रूही, वापस लौटी सिर्फ उसकी लाश
जानकारी के मुताबिक, भोला बागान की रहने वाली मासूम रूही अपने परिजनों के साथ बेहद खुशी-खुशी कार धुलवाने के लिए अन्ना चौक पहुंची थी. उसे क्या मालूम था कि जिस सड़क पर वह खड़ी है, वहीं मौत उसका इंतज़ार कर रही है. इसी दौरान एसडी पब्लिक स्कूल की एक तेज़ रफ्तार बस अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खड़े बेकसूर लोगों को रौंदते हुए निकल गई.
हादसे के बाद लहूलुहान रूही को बदहवास परिजन तुरंत अस्पताल लेकर भागे, लेकिन उसकी सांसों ने रास्ते में ही तोड़ दिया. अस्पताल पहुंचने से पहले ही नन्हीं रूही की मौत हो चुकी थी. इस हादसे में 11 वर्षीय रेहान और 21 वर्षीय रोशन शर्मा भी गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घायलों का इलाज टाटा मोटर्स अस्पताल में चल रहा है, जहाँ उनकी स्थिति पर डॉक्टर नज़र बनाए हुए हैं.
हादसे के बाद भागा चालक, हुरलुंग के पास पकड़ाया
मासूम को रौंदने के बाद बस चालक इंसानियत को शर्मसार करते हुए वाहन समेत मौके से फरार हो गया. हालांकि, सूचना मिलते ही गोविंदपुर पुलिस एक्शन में आई और आसपास के थानों को अलर्ट किया. पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए हुरलुंग स्थित टेल्को बीएड कॉलेज के पास बस को घेरकर रोक लिया. पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है और बस को भी जब्त कर लिया है.
सड़क पर उतरा जन-आक्रोश, प्रशासन पर उठे सवाल
मासूम की मौत और हादसे की खबर फैलते ही अन्ना चौक पर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर उग्र प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. स्थानीय निवासियों का कहना है कि रिहायशी इलाकों में भारी और तेज रफ्तार वाहनों की बेलगाम आवाजाही से आए दिन लोगों की जानें जा रही हैं.
लोगों ने माँग की कि रिहायशी इलाकों में वाहनों की गति पर लगाम लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएँ. मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और चालक से पूछताछ जारी है.


