जमशेदपुर. अस्पतालों के व्यस्त वार्ड और ऑपरेशन थिएटर से निकलकर शहर के चिकित्सकों ने इस बार खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। पूर्वी सिंहभूम जिला टेबल टेनिस संघ (ESDTTA) और खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 21 नवंबर को जेआरडी टाटा टेबल टेनिस ट्रेनिंग सेंटर में डॉक्टरों के लिए शहर का पहला विशेष टेबल टेनिस टूर्नामेंट आयोजित किया गया। इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता में टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच), एमजीएम मेडिकल कॉलेज, सदर अस्पताल, मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज, विष्णु नेत्रालय और नारायणा हेल्थ जैसे प्रमुख संस्थानों के लगभग 20 चिकित्सकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रोमांचक मुकाबलों से सजे इस टूर्नामेंट के मेंस ओपन वर्ग में मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज के डॉ. समीर वूली ने शानदार खेल दिखाते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। एमजीएम के डॉ. कुमार नरेन चंद्र उपविजेता रहे, जबकि डॉ. सुजीत कुमार मुर्मू ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। दूसरी ओर, विमेंस ओपन वर्ग में टीएमएच की डॉक्टरों का दबदबा रहा, जहां डॉ. संजीता ने खिताब अपने नाम किया और इसी संस्थान की डॉ. तरन्नुम उपविजेता रहीं।
अनुभवी चिकित्सकों के लिए आयोजित वेटरन्स वर्ग (50 वर्ष से अधिक आयु) में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला। इसमें विष्णु नेत्रालय के डॉ. विभूति भूषण ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। टीएमएच के डॉ. आसिफ अहमद प्रथम उपविजेता और डॉ. राजेश ठाकुर द्वितीय उपविजेता घोषित किए गए।
प्रतियोगिता का सफल संचालन मुख्य रेफरी किरण बिहारी शुक्ला (केबी शुक्ला) के नेतृत्व में एल.एन. मित्रा, पवन कुमार, साई ऋषिक, ईशान राज, आयुष और सुयश जैसे मैच अधिकारियों ने किया। समापन समारोह में टीएमएच के डॉ. आसिफ अहमद ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। टूर्नामेंट की सफलता से उत्साहित डॉक्टरों ने संघ के मानद सचिव उज्ज्वल कुमार चटर्जी से इसे हर वर्ष आयोजित करने की मांग की, ताकि व्यस्त दिनचर्या के बीच स्वास्थ्य और खेल भावना को बढ़ावा मिल सके।


