Jamshedpur. बिरसानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पीएम आवास के पास बुधवार देर रात एक डिलीवरी बॉय ने नशे की हालत में घरेलू विवाद के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 27 वर्षीय आकाश कुमार लाल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से परसुडीह का रहने वाला था और बारीडीह क्षेत्र में डिलीवरी बॉय का काम करता था। करीब एक महीने पहले ही वह अपनी पत्नी और बच्चे के साथ बिरसानगर में किराये के मकान में रहने आया था।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात किसी बात को लेकर आकाश और उसकी पत्नी के बीच कहासुनी हो गई थी।
विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर आकाश दूसरे कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद जब पत्नी उस कमरे में पहुंची, तो उसने आकाश को फंदे से लटका हुआ पाया।फंदे पर लटके पति को देख पत्नी के होश उड़ गए। उसने Immediately आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह उसे फंदे से नीचे उतारा गया और आनन-फानन में इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जांच के बाद ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि आकाश नशे का आदी था। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के पीछे के अन्य कारणों और घरेलू विवाद के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की जांच कर रही है।



