घर से अकेले बैग लेकर निकलती सीसीटीवी में दिखी छात्रा, मौसी के घर रहकर करती थी पढ़ाई
जमशेदपुर. साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह से 17 वर्षीय 11वीं की छात्रा सोनिया महांती के लापता होने का मामला सामने आया है. छात्रा 7 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे घर से बिना किसी को बताए निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी. परिजनों ने एक युवक पर छात्रा को बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले जाने का संदेह जताया है. वहीं पुलिस सूत्रों के मुताबिक छात्रा के बेलूर जाने की बात सामने आ रही है. पुलिस लोकेशन के आधार बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है.
पुलिस के अनुसार, सोनिया महांती, पिता विश्वजीत महांती, काशीडीह के मकान संख्या 96, लाइन नंबर 03 में रहती थी. वह अपनी मौसी के पास रहकर पढ़ाई कर रही थी. उसके पिता टिस्को कंपनी में कार्यरत हैं.
परिजनों द्वारा युवक पर संदेह जताए जाने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में छात्रा घर से अकेले बैग लेकर निकलती हुई दिखाई दी है. पुलिस अब उसके घर से निकलने के बाद के संभावित रास्तों और संपर्कों की जानकारी जुटा रही है.
साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव ने बताया कि छात्रा की तलाश के लिए पुलिस टीम सक्रिय है. सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य बिंदुओं की जांच की जा रही है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि छात्रा को जल्द बरामद कर लिया जाएगा.
छात्रा का हुलिया
सोनिया महांती की उम्र करीब 17 वर्ष, कद लगभग 4 फीट और रंग सांवला है. घर से निकलते समय उसने सफेद रंग का टॉप, काले रंग की फूल पैंट और काले रंग की चप्पल पहन रखी थी. वह अपने साथ एक बैग भी लेकर निकली थी.
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि छात्रा के संबंध में किसी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल साकची थाना प्रभारी के मोबाइल नंबर 9431706491 अथवा उसके पिता विश्वजीत महांती के मोबाइल नंबर 9798929755 पर सूचना दें.



