Medninagar. नीलांबर-पीतांबरपुर, लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के गोपालगंज में सोमवार दोपहर हथियार के बल पर सीएसपी लूटने पहुंचे दो युवकों को ग्रामीणों ने घेरकर पकडा और पुलिस के हवाले कर दिया. लुटेरों के पास मौजूद पिस्टल दुकानदार की मां ने बहादुरी दिखाते हुए छीन ली. पुलिस के अनुसार, पकड़े गए दोनों युवक तरहसी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. पकड़े गए युवकों की पहचान रामवीर सिंह (18), पिता बुधराम सिंह, बजलपुर सीलदिलाया और पवन सिंह (18), पिता अजय सिंह, गुरतुरी पतीला के रूप में हुई है.
दोनों पर सुबह पोलपोल-पोखराहा के बीच सड़क लूट कर बाइक छीनने और उसी बाइक से गोपालगंज में सीएसपी लूटने का आरोप है.
भाड़े पर पिस्टल लेकर बस से पहुंचे थे दोनों बदमाश
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक रविवार शाम भाड़े पर पिस्टल लेकर बस से सतबरवा पहुंचे थे. सोमवार सुबह करीब चार बजे पोलपोल के पास सड़क लूट की घटना को अंजाम देकर एक बाइक लूटी. इसके बाद उसी बाइक से गोपालगंज पहुंचे और दोपहर करीब दो बजे रोहित कुमार के घर में संचालित सीएसपी एवं ऑनलाइन सेंटर में घुस गए.
आरोप है कि बदमाशों ने पहले रोहित कुमार के साथ मारपीट की और सेंटर में रखे रुपये बैग में भर लिए. भागने के दौरान फायरिंग की कोशिश भी की. शोर सुनकर रोहित की मां बाहर निकलीं और एक लुटेरे से भिड़कर उसका पिस्टल छीन लिया. इसके बाद रोहित कुमार ने भी बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया.
ग्रामीणों के जुटने पर दोनों को घेरकर पकड़ लिया गया. घटना की सूचना पर लेस्लीगंज एसडीपीओ प्रशांत कुमार, सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार और लेस्लीगंज एएसआई हरेंद्र पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर घटनास्थल का जायजा लिया और ग्रामीणों से पूछताछ की. लूट में इस्तेमाल बाइक पल्सर बतायी गयी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.



