जमशेदपुर. जब आसमान से आग बरस रही हो और लोग घरों से निकलने में कतरा रहे हों, ऐसे दौर में भी कुछ हाथ बिना रुके हमारे आस-पास के परिवेश को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने में जुटे हैं. भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप की परवाह किए बगैर बागबेड़ा कॉलोनी में डोर-टू-डोर कचरा उठाने वाले इन स्वच्छता प्रहरियों के इसी निस्वार्थ समर्पण को स्थानीय लोगों ने सलाम किया.
बागबेड़ा कॉलोनी के शहीद मैदान में आयोजित एक आत्मीय कार्यक्रम के दौरान कचरा संग्रह वाहन के चालकों और महिला कर्मचारियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे यह संदेश गया कि समाज उनकी इस कड़ी मेहनत और त्याग का सदैव ऋणी है.
इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने स्वच्छता कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी वे नियमित रूप से घर-घर जाकर कचरा संग्रह कर क्षेत्र को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं. स्थानीय लोगों ने भविष्य में भी स्वच्छता कर्मियों को हरसंभव सहयोग और सहायता देने का आश्वासन दिया.
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता कर्मियों के समर्पण और मेहनत के कारण ही क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो रही है. ऐसे कर्मियों का सम्मान समाज के लिए प्रेरणादायक है.
इस अवसर पर समाजसेवी राजकुमार सिंह, सुनील सिन्हा, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, अजय सिंह, सुभाष कुंवर,एस के एल दास, अभिषेक कुमार सिंह, सुनील ठाकुर, अनिल ठाकुर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे.

