जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोमवार रात को पारिवारिक विवाद के दौरान एक डॉक्टर पर सगे भाई ने ही गोली चला दी। इस दुस्साहसिक वारदात में आदित्यपुर के जाने-माने डॉक्टर ओपी आनंद गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के तुरंत बाद उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए जमशेदपुर के टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जिम से लौटने के बाद हुआ विवाद
घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर ओपी आनंद 111 सेव लाइफ अस्पताल के संचालक हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और उनके साथ रहने वाले युवक अमित के अनुसार, डॉक्टर आनंद रोज की तरह जिम से रात को घर लौटे थे। इसके कुछ ही देर बाद घर के भीतर से शोरगुल की आवाज सुनाई दी। जब अमित दौड़कर गेट के पास पहुंचा, तो उसने देखा कि डॉक्टर ओपी आनंद और उनके भाई के बीच तीखी नोकझोक और झगड़ा चल रहा है।
विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते आरोपी भाई ने अपनी पिस्तौल निकाली और डॉक्टर ओपी आनंद पर गोली चला दी। गोली सीधे डॉक्टर आनंद को जा लगी। प्रत्यक्षदर्शी अमित ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत घायल डॉक्टर को खींचकर अंदर किया और घर का दरवाजा बंद कर दिया, जिससे एक और बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि आरोपी भाई दूसरा फायर करने की फिराक में था।
एक ही इमारत में रहते हैं दोनों भाई
घटना की सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि डॉक्टर ओपी आनंद और उनके भाई एक ही बहुमंजिला इमारत में अलग-अलग फ्लोर पर रहते हैं। डॉक्टर ओपी आनंद ग्राउंड फ्लोर पर रहते हैं, जबकि उनके भाई इमारत की ऊपरी मंजिल पर निवास करते हैं। आरोपी भाई की पहचान सत्य प्रकाश सुधांशु के रूप में हुई है, जो गायत्री शिक्षा निकेतन के संचालक बताए जा रहे हैं।
पुलिस जांच में जुटी
वारदात की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के साथ-साथ आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। इसके अलावा, हमलावर की पहचान पुख्ता करने और घटनाक्रम को बारीकी से समझने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
प्रारंभिक जांच में घटना की वजह दोनों भाइयों के बीच आपसी पारिवारिक विवाद बताई जा रही है। हालांकि, विवाद की असल जड़ क्या थी और बात खूनी संघर्ष तक कैसे पहुंच गई, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी और वारदात में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी को लेकर भी पुलिस जल्द आधिकारिक बयान जारी कर सकती है। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे आदित्यपुर इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।


