पूर्णिया. चौक-चौराहों, रेलवे स्टेशनों या घूम-घूमकर सिम कार्ड बेचने वालों से कनेक्शन लेना अब बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। पूर्णिया साइबर पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी से जुड़े एक बड़े सिम नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए मधेपुरा जिले के आरोपी मिथिलेश कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी ग्राहकों के साथ बेहद शातिराना खेल रचकर अतिरिक्त सिम निकालता था और उसे साइबर अपराधियों को बेच देता था। उसके इन नंबरों से देश के 20 राज्यों में 200 से अधिक साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं।
“सही फोटो नहीं आया” कहकर दो बार पलक झपकाता था आरोपी
पुलिस पूछताछ और स्थानीय लोगों से सामने आया ठगी का यह तरीका बेहद चौंकाने वाला है। गिरफ्तार आरोपी मिथिलेश कुमार, जो मधेपुरा के बिहारीगंज थाना क्षेत्र के मोहनपुर चमु गांव का रहने वाला है, बनमनखी रेलवे स्टेशन के पास और गांव-गांव जाकर सिम कार्ड जारी करता था। जब कोई व्यक्ति सिम लेने आता, तो वह पहचान दस्तावेज लेकर चेहरे की फोटो खींचता और ग्राहक को पलक झपकाने के लिए कहता था।
पहली बार पलक झपकाते ही एक सिम जारी हो जाता था, लेकिन आरोपी यह बहाना बनाता कि सही फोटो नहीं आया है और दोबारा पलक झपकाने को कहता था। दूसरी बार पलक झपकाते ही वह दूसरी कंपनी या अतिरिक्त सिम निकाल लेता था, जिसे बाद में साइबर ठगों के हाथों बेच दिया जाता था।
400 से ज्यादा फर्जी सिम और 20 राज्यों तक फैला नेटवर्क
पूर्णिया के एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर साइबर डीएसपी कनिष्ठ श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने आरोपी को उसके घर से हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी अब तक 400 से अधिक फर्जी सिम कार्ड बेच चुका है। नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) के विश्लेषण में पता चला कि इन नंबरों का इस्तेमाल छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, झारखंड, हरियाणा, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तराखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और जम्मू-कश्मीर में साइबर अपराधों के लिए किया गया।
तलाशी में सिम और मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से विवो कंपनी का एक मोबाइल फोन और घर के बिछावन के नीचे रखे हैंडबैग से जियो कंपनी के 40 सिम कार्ड बरामद किए, जिनके बारे में वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। यह मामला आम लोगों के लिए बड़ी चेतावनी है कि अनजान विक्रेताओं से सिम लेते समय पूरी सतर्कता बरतें।


