रांची. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) झारखंड में अपने संगठनात्मक स्वरूप को नया आकार देने जा रहा है। अगले वर्ष हिंदी चैत्र नववर्ष से राज्य में प्रचलित ‘प्रांत’ व्यवस्था के स्थान पर ‘प्रदेश’ व्यवस्था लागू की जाएगी। इस व्यापक पुनर्गठन के तहत पूरे झारखंड को रांची, हजारीबाग और देवघर, इन तीन संभागों में बांटा जाएगा। प्रत्येक संभाग में आठ-आठ जिले शामिल होंगे और इस नए ढांचे के तहत धनबाद देवघर संभाग का हिस्सा बनेगा।
नए प्रस्तावित ढांचे में पदानुक्रम को अधिक व्यवस्थित बनाया गया है। अब प्रदेश के नीचे संभाग, संभाग के नीचे विभाग और विभाग के नीचे जिला इकाइयां काम करेंगी। वर्तमान में संघ के सबसे वरिष्ठ प्रांतीय पदाधिकारी ‘प्रांत प्रचारक’ कहलाते हैं, लेकिन नई व्यवस्था में यह पदनाम बदलकर ‘राज्य प्रचारक’ हो जाएगा। संभाग स्तर पर तीन प्रमुख दायित्व निर्धारित किए गए हैं—संभाग कार्यवाह, संभाग संचालक और संभाग प्रचारक। तीनों संभागों के अंतर्गत कुल 12 विभाग बनाए जाएंगे। संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों के अनुसार, इस बदलाव का उद्देश्य संगठनात्मक कामकाज को अधिक व्यवस्थित करना और गतिविधियों का विस्तार करना है।
संभागवार जिलों का नया बंटवारा
प्रस्तावित योजना के अनुसार रांची संभाग में रांची, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और सिमडेगा जिले शामिल होंगे। हजारीबाग संभाग में हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, कोडरमा, चतरा, लातेहार, पलामू और गढ़वा को रखा गया है। वहीं, देवघर संभाग में धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज जिले शामिल किए जाएंगे।
जिला स्तर पर भी अहम बदलाव होगा। अभी ग्रामीण और महानगर इकाइयां अलग-अलग काम करती हैं, लेकिन नई व्यवस्था में दोनों को मिलाकर एक जिला इकाई बनाई जाएगी, जिसके तहत नगर इकाइयां काम करेंगी। जिला स्तर पर भी अलग-अलग पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी ताकि स्थानीय और जिला स्तर पर कार्यों का संचालन एकीकृत तरीके से हो सके।
दिसंबर में समन्वय बैठक और पदाधिकारियों का चयन
संगठनात्मक बदलाव को अंतिम रूप देने के लिए 3 दिसंबर को रांची में संघ की समन्वय बैठक प्रस्तावित है, जिसमें सह सरकार्यवाह आलोक जी भी शामिल हो सकते हैं। बैठक में प्रांत प्रचारक, 12 विभागों के प्रमुख और 32 आनुषंगिक संगठनों के पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। इसमें नए ढांचे, जिम्मेदारियों और पदों पर चर्चा कर दिसंबर तक रूपरेखा तैयार की जाएगी। इसके बाद 17 दिसंबर को संभाग स्तर के पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा।
अखिल भारतीय निर्णय के तहत पुनर्गठन
यह कदम 2 से 4 नवंबर तक इंदौर में हुई अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक में लिए गए निर्णय का हिस्सा है। देशभर में मौजूदा 46 प्रांतों की जगह 85 से 90 संभाग बनाने की तैयारी है, जिसे मार्च 2027 तक लागू किया जा सकता है। इसका उद्देश्य संगठनात्मक गतिविधियों को छोटे क्षेत्रों और बस्तियों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।


