रांची. हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचईसी) को अडानी समूह के हाथों सौंपने की कथित तैयारी के विरोध में सोमवार को एचईसी मुख्यालय के बाहर कर्मचारियों और मजदूरों ने प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। सभा को संबोधित करते हुए हटिया मजदूर यूनियन के अध्यक्ष भवन सिंह ने केंद्र व राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि लगभग 70 हजार करोड़ रुपये आंकी जाने वाली एचईसी को बेहद कम कीमत पर हस्तांतरित करने की कवायद चल रही है। भवन सिंह के अनुसार, 25 मार्च 2025 को उद्योगपति गौतम अडानी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बीच करीब दो घंटे चली बैठक में एचईसी को लेकर कथित रूप से रणनीति तैयार की गई थी।
भवन सिंह ने यह भी कहा कि एनसीएलटी के माध्यम से प्रक्रिया आगे बढ़ाकर संस्थान को औने-पौने दाम में देने का प्रयास किया जा रहा है। उनके मुताबिक, कंपनी पर हजारों करोड़ रुपये का कर्ज और देनदारी है, जिसका सीधा प्रभाव कर्मियों तथा अधिकारियों के भविष्य पर पड़ेगा। उन्होंने एचईसी को देश का ‘मातृ उद्योग’ करार देते हुए इसके बचाव और संरक्षण की मांग उठाई।
इस दौरान इंटक के राष्ट्रीय संगठन सचिव तथा हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन के महामंत्री लीलाधर सिंह ने चेतावनी दी कि संभावित संकट का असर केवल नियमित कर्मियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि संविदा श्रमिकों, एचईसी टाउनशिप के रहवासियों और आसपास की बस्तियों में रहने वाले परिवारों पर भी पड़ेगा। उन्होंने सभी से एकजुट होकर आंदोलन करने का आह्वान किया और जानकारी दी कि इस मामले में दिल्ली स्थित अपीलीय न्यायाधिकरण में अपील की कार्यवाही जारी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राम कुमार नायक ने की। विरोध प्रदर्शन में हरेंद्र सिंह, आरके साही, प्रकाश कुमार, विमल कुमार, भोला साव, गिरीश कुमार चौहान और राम मोहन बैठा समेत बड़ी संख्या में अन्य लोग उपस्थित रहे।


