जमशेदपुर. शहर के खूबसूरत डिमना लेक स्थित टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन (TSAF) वाटर स्पोर्ट्स सेंटर में रविवार को रोमांच और फिटनेस का अद्भुत संगम देखने को मिला। टीएसएएफ द्वारा आयोजित ‘स्विमाथॉन 2.0′ ओपन वाटर स्विमिंग प्रतियोगिता में देश के सात राज्यों से पहुंचे 121 तैराकों (87 पुरुष और 34 महिलाएं) ने लहरों को चीरते हुए अपने जज्बे का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ टीएसएएफ के मैनेजिंग ट्रस्टी कैप्टन अमिताभ ने झंडी दिखाकर किया। इस आयोजन में मेजबान झारखंड से सर्वाधिक 69, पश्चिम बंगाल से 38 और ओडिशा से 10 तैराकों ने हिस्सा लिया, जबकि छत्तीसगढ़, दिल्ली, कर्नाटक और केरल से एक-एक प्रतिभागी शामिल हुए।
बुजुर्गों का जोश बना प्रेरणा
इस स्विमाथॉन का सबसे खास आकर्षण 60 वर्ष से अधिक उम्र के पांच वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी रही। 64 वर्षीय सुलालित साहा, शंकर पोद्दार (63), प्रसन्न कुमार बेहरा (63), अरिंदम मंडल (61) और बैसाखी मलिक (60) ने गहरे पानी में उतरकर यह साबित कर दिया कि खेल और फिटनेस के लिए उम्र महज एक संख्या है।
विभिन्न श्रेणियों के विजेता प्रतियोगिता में चार अलग-अलग दूरियों की रेस हुई, जिनमें कड़ा मुकाबला देखा गया:
500 मीटर: पुरुष वर्ग में स्नेहांशु मंडल (10:11 मिनट) और महिला वर्ग में जेनिफर सुगम (10:02 मिनट) विजेता रहीं।
1 किलोमीटर: स्नेहा मजूमदार ने 20:12 मिनट का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया।
2.5 किलोमीटर: पुरुष वर्ग में आदित्य सिंह (40:04 मिनट) और महिला वर्ग में सृष्टि शॉ (46:12 मिनट) ने बाजी मारी।
5 किलोमीटर: इस सबसे कठिन श्रेणी में अनन्यो मुखर्जी (1 घंटा 18 मिनट) और महिला वर्ग में जी. श्रुति (1 घंटा 51 मिनट) ने खिताब अपने नाम किया।
पुख्ता सुरक्षा के रहे इंतजाम, मिला सम्मान
तैराकों की सुरक्षा के लिए पूरे कोर्स में प्रशिक्षित लाइफगार्ड, स्कूबा डाइवर्स, रेस्क्यू बोट और मेडिकल टीम तैनात रही। सभी प्रतिभागियों को टो फ्लोट बुआ पहनाया गया था। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी डॉ. एहतशाम वकारिब ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस सफल आयोजन ने जमशेदपुर को पूर्वी भारत में ओपन वाटर स्विमिंग के एक बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम कदम बढ़ाया है।


