रांची. झारखंड पुलिस सेवा से जुड़ी एक अहम और बड़ी खबर सामने आ रही है। नई दिल्ली स्थित संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) में आयोजित प्रोन्नति समिति की बैठक में झारखंड राज्य पुलिस सेवा के 5 वरिष्ठ अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में प्रोन्नति देने के प्रस्ताव को आधिकारिक मंजूरी मिल गई है।
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राज्य सरकार ने राज्य पुलिस सेवा के 12 सीनियर डीएसपी रैंक के अधिकारियों के नाम UPSC को भेजे थे। इनमें शिवेंद्र, राधा प्रेम किशोर, मुकेश कुमार महतो, निशा मुर्मू, सुरजीत कुमार, वीरेंद्र कुमार चौधरी, राहुल देव बड़ाईक, खीस्टोफर केरकेट्टा, प्रभात रंजन बरवार, अनूप कुमार बड़ाईक, समीर कुमार तिर्की व हीरालाल रवि के नाम शामिल थे।
नई दिल्ली में 13 नवंबर को हुई बैठक के दौरान यूपीएससी बोर्ड ने इन सभी अधिकारियों की पिछले 10 वर्षों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (ACR) और अन्य दस्तावेजों की गहन समीक्षा की। इसके बाद, बोर्ड ने अंततः 5 अधिकारियों को आईपीएस संवर्ग के योग्य पाते हुए उनकी पदोन्नति पर अपनी मुहर लगा दी है। हालांकि, इन 5 चयनित अधिकारियों के नामों की आधिकारिक सूची अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। इस बैठक में राज्य के मुख्य सचिव, गृह सचिव और डीजीपी भी विशेष रूप से शामिल हुए थे।
आईपीएस संवर्ग में बढ़ेगी अधिकारियों की संख्या
वर्तमान समय में झारखंड कैडर में कुल 145 IPS अधिकारी कार्यरत हैं, जिनमें राज्य पुलिस सेवा से प्रोन्नत होकर आए 42 अधिकारी शामिल हैं। इन 5 नए अधिकारियों के शामिल होने के बाद आईपीएस कैडर में कुल संख्या बढ़कर 150 हो जाएगी। झारखंड में आईपीएस के स्वीकृत पदों की कुल संख्या 158 है, जिसके चलते अब केवल 8 पद ही रिक्त रह जाएंगे। इस प्रशासनिक फेरबदल से राज्य में पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।


