रांची. झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। झारखंड के रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा, जिससे सुबह और रात की ठंड में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। हालांकि, दिन में खिली धूप से लोगों को फिलहाल राहत मिलती रहेगी, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम का यह मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा गहरा अवदाब अब एक शक्तिशाली चक्रवाती तूफान में तब्दील हो चुका है। इसके प्रभाव से 20 नवंबर से 23 नवंबर के बीच राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि इस चक्रवाती तूफान का सीधा प्रभाव झारखंड पर नहीं पड़ेगा, लेकिन इसके अप्रत्यक्ष असर से राज्य के कई हिस्सों में घने बादल छाने और बारिश की गतिविधियां शुरू होने की पूरी संभावना है।
खास तौर पर 21 नवंबर को मध्य और पश्चिमी झारखंड के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि 22 नवंबर को दक्षिणी और मध्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। इस दौरान राज्य में नमी बढ़ने के साथ ही तापमान में भी उतार-चढ़ाव दर्ज किया जाएगा।
राजधानी रांची की बात करें तो यहां सोमवार को अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी तीन दिनों के भीतर रांची का न्यूनतम तापमान गिरकर 12 से 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है, जिससे सुबह और रात के वक्त सिहरन बढ़ जाएगी।
सोमवार को राज्यभर में चाईबासा सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि खूंटी में सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के इस दौर में स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।


