जमशेदपुर. जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि अपनी विफलता छिपाने के लिए निगम जनता को आपस में लड़ाने और जनप्रतिनिधियों को बदनाम करने की साजिश रच रहा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अधिकारी चालबाजी और मक्कारी बंद करें।
विधायक ने बताया कि महापर्व छठ के ठीक नजदीक होने के बावजूद शहर की सड़कों और मोहल्लों में कचरे का अंबार लगा हुआ है, जिससे जनता में भारी आक्रोश है। इस नाकामी से बचने के लिए निगम प्रशासन अचानक भारी पुलिस बल और कचरे से भरी डेढ़ दर्जन गाड़ियों के साथ वसुंधरा एस्टेट के सामने उसी खाली जमीन पर कचरा गिराने पहुंच गया, जिसका स्थानीय लोगों ने पहले भी कड़ा विरोध किया था। हालांकि, नागरिकों के विरोध के चलते उन्हें वापस लौटना पड़ा।
सरयू राय ने निगम से सीधा सवाल किया कि क्या उस स्थान पर ठोस कचरा डंप करने के लिए पर्यावरण संरक्षण अधिनियम (Environment Protection Act) के तहत कोई पर्यावरणीय क्लीयरेंस या एनओसी ली गई है? यदि बिना कानूनी अनुमति के कचरा गिराया जाता है, तो यह नियमों के खिलाफ है और इसके लिए एनजीटी (NGT) का दरवाजा खटखटाया जा सकता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि निगम को नियम ही तोड़ने हैं, तो वह वसुंधरा एस्टेट के बजाय अपने कार्यालय के सामने स्थित गांधी मैदान से इस प्रयोग की शुरुआत क्यों नहीं करता?
इसके अलावा, विधायक ने मानगो नगर निगम पर रिहायशी इलाकों में व्यावसायिक गतिविधियों के नाम पर भवन मालिकों को फर्जी नोटिस भेजकर अवैध वसूली करने का भी गंभीर आरोप लगाया है।


