लखनऊ. रेलवे की ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था के दावों की एक बार फिर से पोल खुल गई है। सबसे सुरक्षित और प्रीमियम श्रेणी समझी जाने वाली एसी फर्स्ट क्लास (AC First Class) बोगी से एक चोर ने महिला यात्री का कीमती जेवरों से भरा बैग उड़ा लिया।
इस चौंकाने वाली घटना में चोर पीड़ित यात्री के बैग से ढाई लाख रुपये के आभूषण और 25 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि पीड़ित महिला लखनऊ से लेकर देवरिया तक रेलवे के कंट्रोल रूम और अधिकारियों से मदद की गुहार लगाती रही, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों की तरफ से केवल टालमटोल रवैया ही देखने को मिला।
क्या है पूरा मामला?
मूल रूप से बिहार के गोपालगंज के रहने वाले उमेश शाह अपनी पत्नी और ढाई साल के छोटे बच्चे के साथ आनंद विहार-न्यूजलपाईगुड़ी एक्सप्रेस की एसी प्रथम बोगी (H-1) के एक कूपे में यात्रा कर रहे थे। ट्रेन जब रात करीब 1:15 बजे लखनऊ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंची, तो उन्होंने पाया कि उनका कीमती बैग गायब है। बैग के अंदर लगभग ढाई लाख रुपये के गहने और 25 हजार रुपये नकद रखे हुए थे।
पीड़ित परिवार ने तुरंत ट्रेन की चेन खींचकर चार बार ट्रेन को रोकने का प्रयास किया और रेलवे के इमरजेंसी नंबर 139 पर इसकी सूचना दी। इसके बावजूद न तो जीआरपी (GRP) और न ही आरपीएफ (RPF) मौके पर पहुंची। लखनऊ में घटना होने के बावजूद पुलिस और सुरक्षा तंत्र की उदासीनता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उनकी एफआईआर (FIR) घटना स्थल से 321 किलोमीटर दूर देवरिया सदर में दर्ज की जा सकी।
यात्री का छलका दर्द
घटना से आहत महिला यात्री का 59 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाती नजर आ रही हैं। महिला ने दर्द बयां करते हुए कहा कि जब एसी फर्स्ट क्लास जैसी प्रीमियम बोगी ही सुरक्षित नहीं है, तो आम डिब्बों का क्या हाल होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि उनके साथ उनका छोटा बच्चा भी था, जिसे कोई भी चुरा सकता था।
इस मामले के तूल पकड़ने पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए सरकार और कानून व्यवस्था पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि भाजपा राज में आम जनता सुरक्षित नहीं है और पुलिस-प्रशासन केवल लीपापोती करने में व्यस्त है। इस गंभीर घटना के बाद अब जीआरपी ने ट्रेन के कोच अटेंडेंट, टीटीई (TTE) और एसी मैकेनिक से पूछताछ शुरू कर दी है तथा बोगी के गेट पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच के लिए न्यूजलपाईगुड़ी स्टेशन को भी सूचित कर दिया गया है।


