रांची. पूरे झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदल गया है। पिछले कुछ दिनों से राज्य के विभिन्न हिस्सों में बादलों की आवाजाही, ठंडी हवाओं और रुक-रुक कर हो रही वर्षा के कारण ठंड का असर साफ महसूस किया जाने लगा है। सुबह के समय कई इलाकों में घना कुहासा छाया रहा, जिससे धूप निकलने के बाद भी ठंडक बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में यह बदलाव अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही बने रहने की संभावना है।
राजधानी रांची में तापमान सामान्य से नीचे
शनिवार को राजधानी रांची का मौसम काफी ठंडा दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब छह डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक है। पिछले 24 घंटों के दौरान रांची में 8.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिसके कारण दिन के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है।
डाल्टनगंज में सबसे अधिक बारिश
राज्य के अन्य जिलों में भी बारिश का दौर देखने को मिला है। पिछले 24 घंटों में डाल्टनगंज में सबसे अधिक 75 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा जमशेदपुर में 20.6 मिमी, बोकारो में 17.4 मिमी और चाईबासा में 2.2 मिलीमीटर बारिश हुई। इन इलाकों में झमाझम बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है और लोगों को सिहरन महसूस होने लगी है।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, राज्य के कई हिस्सों में तीन नवंबर तक बादल छाए रहने और मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। चार नवंबर को उत्तर-पूर्वी, मध्य और दक्षिणी झारखंड के कुछ चुनिंदा इलाकों में बारिश के आसार जताए गए हैं। इसके बाद पांच नवंबर की सुबह कुछ स्थानों पर कोहरा (कुहासा) छा सकता है, हालांकि दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के बीच स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।


