Jamshedpur. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित 750 करोड़ रुपये के जीएसटी घोटाले के मामले में स्क्रैप कारोबारी ज्ञानचंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल और उनके बेटे राज जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को देर रात करीब 12:15 बजे बिष्टुपुर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के बाद ईडी की टीम दोनों को मेडिकल जांच के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंची. मेडिकल जांच के दौरान बबलू जायसवाल और उनके बेटे ने हंगामा किया।
बबलू जायसवाल ने आरोप लगाया कि उनका ठीक से मेडिकल टेस्ट नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि उनका ब्लड प्रेशर काफी बढ़ा हुआ है, इसके बावजूद उन्हें ले जाया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके खिलाफ गलत मेडिकल रिपोर्ट तैयार की जा रही है और उन्हें डिप्रेशन की दवा भी नहीं दी गई।
मेडिकल जांच के दौरान ईडी अधिकारियों से उलझे
मेडिकल जांच के दौरान ईडी अधिकारियों और बबलू जायसवाल के बीच काफी देर तक बहस होती रही। करीब आधे घंटे तक एमजीएम अस्पताल परिसर में हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। इसके बाद ईडी की टीम दोनों को अपने साथ लेकर चली गई
ये है मामला
गौरतलब है कि 734 करोड़ रुपये के कथित जीएसटी घोटाले से जुड़े मामले में ईडी ने बुधवार सुबह जमशेदपुर और कोलकाता में एक साथ छापेमारी शुरू की थी। जमशेदपुर में बिष्टुपुर समेत तीन स्थानों और कोलकाता में दो ठिकानों पर कार्रवाई की गई। ये ठिकाने बबलू जायसवाल और उनके अकाउंटेंट से जुड़े बताए गए हैं।
कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और सामग्री बरामद
छापेमारी के दौरान ईडी की टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामग्री बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। ईडी की कार्रवाई देर रात तक जारी रही, जिसके बाद बबलू जायसवाल और उनके बेटे राज जायसवाल की गिरफ्तारी की गई।



