
Jamshedpur. पूर्वी सिंहभूम जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस और सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बुधवार को पुलिस, कोबरा और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम ने एमजीएम थाना क्षेत्र के छोटा बांकी एवं कुड़लुंग पहाड़ तथा चाकुलिया थाना क्षेत्र के जोभी जंगल में सघन सर्च अभियान चलाया। अभियान सुबह करीब 5 बजे शुरू हुआ और शाम 4 बजे तक जारी रहा। पुलिस के अनुसार, भाकपा माओवादी से जुड़े मंगल महतो और मालती मुर्मू की निशानदेही पर यह अभियान चलाया गया। दुर्गम पहाड़ी और जंगल क्षेत्र में सुरक्षा बलों की टीम ने संदिग्ध ठिकानों और आसपास के इलाकों की गहन तलाशी ली। इसी दौरान अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे गए हथियार और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किए गए।
कुड़लुंग पहाड़ से बरामदगी: 1 इंसास राइफल,85 चक्र गोली, 3 मैगजीन, 1 सीलिंग । जोभी जंगल, चाकुलिया से बरामदगी: 1 AKM राइफल, 147 चक्र गोली, 2 मैगजीन। इस प्रकार संयुक्त सर्च अभियान में कुल 2 राइफल, 232 चक्र गोली और 5 मैगजीन समेत अन्य सामग्री बरामद की गई है। बरामद हथियार और गोला-बारूद को पुलिस ने विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया है।
अभियान में पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार, एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास, बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार और चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार के अलावा एमजीएम थाना के पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे। पुलिस के मुताबिक, बरामद हथियार और गोला-बारूद के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान जारी है। सुरक्षा बलों की ओर से इलाके में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए संबंधित जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन एवं निगरानी आगे भी जारी रखने की बात पुलिस ने कही है।


