Saraikela. सरायकेला-खरसावां जिले में शुक्रवार को सुरक्षाबलों द्वारा चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान दो इंसास राइफल, एक आईईडी और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किये गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। सरायकेला के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) अनुभव भारद्वाज नेताया कि जिले में पिछले महीने गिरफ्तार किए गए माओवादियों से मिली जानकारी के आधार पर तलाशी अभियान चलाया गया था।
अधिकारी ने कहा, तलाशी अभियान सरायकेला-खरसावां और खूंटी की सीमा से लगे रोलाहातु के वन क्षेत्र में जिला पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) द्वारा चलाया गया।
बरामद आयुद्ध सामग्री में 7.62 मिमी के 171 कारतूस, 5.56 मिमी के 126 कारतूस, नौ मिमी के 12 कारतूस और .303 के आठ कारतूस शामिल थे। माओवादियों रघु सिंह सरदार उर्फ सागर सिंह सरदार, बीरेन सिंह और मीना पहाड़िया को अगस्त में सरायकेला-खरसावां जिले से गिरफ्तार किया गया था। उनसे पूछताछ के आधार पर सुरक्षाबलों को उनके कथित ठिकानों की जानकारी मिली, जिसके बाद वहां से हथियार और आयुद्ध सामग्री बरामद की गयी।


