
Jamshedpur. बिष्टुपुर के रामदास भट्ठा ग्वालाबस्ती से गोवंश की चोरी के बाद शुक्रवार देर रात जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित ईदगाह मैदान और सगुआ होटल के समीप दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। अफवाह फैलते ही गद्दी मोहल्ला से भी दर्जनों युवक मौके पर जुट गए, जिससे स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई. दो गुटों के लोगों में बवाल इतनी बढ़ गया कि पुलिस को भीड़ को काबू पाने के लिए हवाई फायरिंग करनी पड़ी. मौके पर तनाव को शांत कराने के लिए पुलिस के कई बड़े अधिकारी दल बल मौजूद हैं.

क्यूआरटी की दो गाड़ियों को भी घटनास्थल पर तैनात किया गया है. प्रथम दृष्टयः मिली जानकारी के मुताबिक बिष्टुपुर रामदास भट्ठा ग्वालाबस्ती से एक गोवंश की बाछी की चोरी हो गई थी. उसकी खोजबीन करते हुए मवेशी के मालिक जुगसलाई पहुंचे. जहां उन्हें जानकारी प्राप्त हुई कि ईदगाह मैदान के पास सगुआ होटल में उक्त गोवंश को खपाया गया है.
लोग वहां पूछताछ कर रहे थे कि दो गुट के लोग आमने सामने आ गए. धीरे धीरे बात फैल गई और गद्दी मोहल्ला ग्वालाबस्ती से भी लोग उठकर ईदगाह मैदान की ओर कूच कर गए. बवाल के बाद भारी संख्या में पुलिस की तैनाती की गई है.

क्यूआरटी बुलाई तो भागे उपद्रवी
तनाव की सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी पुलिस बल के साथ पहुंचे. हालांकि, आक्रोशित भीड़ ने पुलिस टीम का घेराव कर नारेबाजी शुरू कर दी. मामला बिगड़ते देख डीएसपी सुमित कुमार और आसपास के थानों की पुलिस के साथ क्यूआरटी की दो गाड़ियां बुलाई गईं. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मवेशी चोरी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो गाड़ी को कब्जे में ले लिया है.



